सेंट्रल जेल रायपुर में विदेशी बंदी ने की आत्महत्या, पुलिस जांच शुरू

रायपुर. सेंट्रल जेल रायपुर में नाइजीरियन मूल के विचाराधीन बंदी पैट्रिक यूबीके बायको ने मंगलवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। गमछे को रस्सी बनाकर अपने सेल में लटका मिला। सूचना पर जेल प्रशासन ने न्यायिक ‘मजिस्ट्रेट और गंज पुलिस की उपस्थिति में पंचनामा करने के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही इसकी जानकारी नाइजीरियन दूतावास को दे दी गई है। मृतक के परिजनों के आने पर शव सौंपा जाएगा। वहीं गंज पुलिस घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची और मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में लिया है। बताया जाता है कि पैट्रिक को 30 अक्टूबर 2020 से ड्रग्स केस में जेल में बंद किया गया था।

आजाद चौक पुलिस ने 2020 में ड्रग्स तस्करी के प्रकरण में मुंबई के नाला सोपारा स्थित एक मकान में छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार किया था। पैट्रिक ने रायपुर में ड्रग्स तस्करी की पूरी श्रृंखला तैयार की थी। वह अपने गिरफ्तार हुए दोस्त मुंबई के ट्रांसपोर्टर रायडेन बेथेला की मदद से रायपुर में ड्रग्स सप्लाई करता था। रायडेन की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को पैट्रिक के बारे में अहम जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने उसे मुम्बई से गिरफ्तार किया था।

नाइजीरियन बंदी की मौत के बाद उसके सेल और सामान में किसी भी तरह का सुसाइडल नोट नहीं मिला है। जेल प्रशासन यह नहीं बता पा रहा है कि उसने क्यों आत्महत्या की। हालांकि सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद जेल में अन्य अफ्रीकी मूल के कैदियों ने हंगामा किया। वे, पिछले कुल दिनों से खाने की गुणवत्ता को लेकर विरोध कर रहे थे।

Spread the word

You may have missed