IMG-20261101-WA0121
R.O. No. 13952/23

रायपुर। हजारों मासूम चेहरों पर लौटी मुस्कान और परिवारों के जीवन में जगी नई उम्मीद… नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा पूरी कर चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इस ऐतिहासिक पड़ाव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और पूरी सेवाभावी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और यह अस्पताल अपने कार्यों से इस विचार को साकार कर रहा है।

45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा पूरी होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी परिवार के लिए उसके बच्चे का स्वस्थ जीवन सबसे अनमोल खुशी होती है। जब कोई मासूम गंभीर बीमारी से जूझता है, तो पूरा परिवार पीड़ा और चिंता से गुजरता है। ऐसे समय में निःशुल्क उपचार के जरिए बच्चों को नया जीवन देना मानवता की सच्ची सेवा है।

चिकित्सा सेवा के साथ मानवीय संवेदना की मिसाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने यह साबित किया है कि चिकित्सा सेवा केवल बीमारी का उपचार करने तक सीमित नहीं है। यह संवेदना, करुणा और विश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। संस्थान ने हजारों बच्चों को नया जीवन देकर उनके परिवारों के चेहरों पर खुशियां लौटाई हैं।

उन्होंने श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारियों, चिकित्सकों और अस्पताल की पूरी टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि समाज में ऐसे सेवाभावी संस्थानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

जनजातीय युवाओं को मिलेगा नर्सिंग शिक्षा का अवसर

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन और डॉरमेटरी का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रदेश के जनजातीय अंचलों के युवाओं, विशेषकर बेटियों को स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज से युवा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इसके साथ ही प्रदेश को प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी भी मिलेंगे। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करने के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करना बेहद जरूरी है।

हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना सरकार का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, वंचित और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता इस दिशा में महत्वपूर्ण है। श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल जैसे संस्थानों की सहभागिता सरकार के प्रयासों को और मजबूती देती है।

मनसुख मांडविया ने भी सराहा अस्पताल का कार्य

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अस्पताल द्वारा बच्चों के निःशुल्क उपचार और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने 45 हजार बच्चों की सफल शल्य चिकित्सा की उपलब्धि पर संस्थान की टीम को बधाई दी।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the word