रायपुर – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस बीच WRS मार्केट में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बच्चों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।
इस साल सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ रखी गई है। अभियान के माध्यम से लोगों को अपने दैनिक जीवन और कार्यक्षेत्र में ईमानदारी, पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नाटक के जरिए बताए भ्रष्टाचार के नुकसान
नुक्कड़ नाटक में बच्चों ने भ्रष्टाचार के दुष्परिणामों को दिखाया। उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार मुक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिए हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रस्तुति के जरिए लोगों को अपने आसपास भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और ईमानदारी से काम करने का संदेश दिया गया।

भ्रष्टाचार खत्म करने में सभी की भागीदारी जरूरी
इस दौरान नागरिकों और रेलकर्मियों से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन, कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और पारदर्शिता अपनाएं। साथ ही भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए सामूहिक रूप से योगदान दें।
