रायपुर – मारुति फाउंडेशन एंड हेरिटेज इंडिया की ओर से शांतिनगर स्थित विमतारा भवन में ‘टैलेंट 2.0’ गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें दिव्यांग और सामान्य बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में 6 से 20 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को मंच देना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन की अध्यक्ष मेघा तिवारी ने की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जा सकता है। उन्होंने बच्चों और उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए। मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने दिव्यांग और सामान्य बच्चों को समान अवसर देने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की बात कही।

ऐसे आयोजनों से बढ़ता है आत्मविश्वास
विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपनी क्षमताएं पहचानने का अवसर देते हैं। प्रतियोगिता के जरिए दिव्यांग और सामान्य बच्चों को एक मंच पर लाकर समानता, समावेशिता और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। साथ ही समाजसेवियों के योगदान को सम्मान देने पर भी जोर दिया गया।
निर्णायक मंडल में ये रहे शामिल
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में छायांकन निर्देशक रोनी चंदेल, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नृत्यांगना एकता पंसारी, छत्तीसगढ़ आइडल संदीप रॉय जाधव, समाजसेविका नेहा पांडेय और गायिका एवं आध्या शक्ति महिला मंच की अध्यक्ष श्वेता दुरगई शामिल रहीं। कार्यक्रम में हेरिटेज इंडिया की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।
