मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ठठारी के ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर, 06 जून। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आज सक्ती जिले के जैजैपुर विकासखंड स्थित ग्राम ठठारी पहुंचकर ऐतिहासिक चतुर्भुज विष्णु मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान विष्णु से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हुए छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।

चतुर्भुज विष्णु मंदिर क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहर का प्रमुख केंद्र माना जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार मंदिर में स्थापित भगवान विष्णु की प्रतिमा चौथी शताब्दी की है, जो इसकी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को विशेष बनाती है।

मुख्यमंत्री श्री साय इन दिनों सुशासन तिहार के तहत प्रदेश के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से वे गांवों में पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, विकास कार्यों तथा जनसमस्याओं की वास्तविक स्थिति का प्रत्यक्ष फीडबैक ले रहे हैं।

ग्राम ठठारी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जनचौपाल में भी शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के लाभ और क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Spread the word