लालबाबू बने नगर पालिका कटघोरा के उपाध्यक्ष

कोरबा 17 मार्च। अध्यक्ष के बाद उपाध्यक्ष पद पर भी कटघोरा में कांग्रेस को जीत हासिल हुई। आज संपन्न हुए चुनाव में लालबाबू ठाकुर नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव की प्रक्रिया एसडीएम रोहित सिंह ने संपन्न करायी।

11 फरवरी को निकाय चुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। 15 फरवरी को नतीजे घोषित हुए जिसमें अध्यक्ष पद पर कांग्रेस के राज जायसवाल भाजपा के आत्मा नारायण पटेल के मुकाबले विजयी हुए। उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही कोशिश में लगे हुए थे। कांग्रेस के पास अच्छी संख्या थी, जबकी चुनाव से पहले इसी पार्टी से निर्वाचित राजेश्वरी जात्रा और एक निर्दलीय ने भाजपा में एंट्री ले ली। फिर भी समीकरण अनुकुल नहीं हो सके। आज चुनाव प्रक्रिया में पार्षदों ने मतदान किया। मतगणना के बाद घोषणा की गई। इसमें लालबाबू को 9 और माधुरी को 7 वोट हासिल हुए। इस तरह लालबाबू ने 2 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। चुनाव संपन्न कराने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए धर्मनारायण तिवारी और उनकी टीम यहां मौजूद रही। चुनाव के अंतर्गत किसी प्रकार से अप्रिय स्थिति नहीं बनी।

शायद कटघोरा में चुनावी नतीजो को लेकर भाजपा के नेताओं को आभास हो चुका था। इसलिए उन्होंने नामांकन और मतदान तक उपस्थिति दर्ज करायी लेकिन नतीजों से पहले खुद को परिसर से बाहर कर लिया। इस चुनाव में बेहतर रणनीति के इरादे से मनोज शर्मा, स्थानीय अध्यक्ष अभिषेक गर्ग और कई पदाधिकारी यहां पहुंचे थे। उन्होंने इससे पहले कई स्तर पर तारों को मजबूत करने की कोशिश की लेकिन परिणाम अपेक्षित नहीं मिले। इससे पहले नगर निगम कोरबा में भाजपा को बड़ा झटका लगा जबकि बहुमत के बावजूद भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी हितानंद अग्रवाल को जीत नहीं मिल सकी।

Spread the word

You may have missed