दिल्ली में तय हुआ छत्तीसगढ़ भाजपा के जिलाध्यक्षों का नाम, घोषणा शीघ्र

रायपुर 29 दिसम्बर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर संगठन की गतिविधियां अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इस सिलसिले में आज दिल्ली में भाजपा छत्तीसगढ़ के नेताओं और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाध्यक्षों के चयन के लिए तैयार किए गए पैनल पर गहन चर्चा की गई। माना जा रहा है कि सभी जिलों के अध्यक्षों के नाम तय कर लिए गए हैं।

दिल्ली में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन और केंद्रीय संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। चर्चा का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में जिलाध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप देना था। बैठक में छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख मौजूद रहे।

बताया जाता है कि बैठक के दौरान जिलाध्यक्षों के चयन के लिए बनाए गए पैनल पर विस्तार से मंथन किया गया। सूत्रों के अनुसार, संगठन चुनाव के नए नियम और शर्तों को ध्यान में रखते हुए, इस बार अधिकतर जिलों में नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह बदलाव संगठन को और मजबूत करेगा।

सूत्रों के अनुसार जिलाध्यक्षों के नाम फाइनल हो चुके हैं और आने वाले एक-दो दिनों में पार्टी की ओर से नई सूची जारी कर दी जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम से यह स्पष्ट है कि भाजपा छत्तीसगढ़ संगठन में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के माध्यम से पार्टी में एक नई ऊर्जा का संचार करना चाहती है।

Spread the word

You may have missed