भाजपा आरटीआई प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक संपन्न.. बनाई गई आगामी 10 महीने की कार्ययोजना

बिलासपुर 30 जनवरी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने कहा कि भूपेश सरकार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर एसीबी और ईओडब्ल्यू कोई कार्रवाई नहीं कर रही है क्योंकि एसीबी/ईओडब्ल्यू पर मुख्यमंत्री का नियंत्रण है। इसलिए भ्रष्टाचार के जितने भी मुद्दे अब तक सामने आए है उसे लेकर लोक आयोग और फिर न्यायालय जाएंगे। श्री साव ने यह बातें रविवार को बिलासपुर भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजपा आरटीआई प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में कही। श्री साव की मौजुदगी में बैठक का विधिवत शुभारंभ माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर हुआ। कार्यसमिति में प्रदेशभर से प्रकोष्ठ के करीब 150 पदाधिकारी मौजूद थे।

बैठक में सर्वप्रथम प्रकोष्ठ के कार्यों की समीक्षा की गई। तत्पश्चात आरटीआई में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान श्री साव ने प्रकोष्ठ को आगामी 10 माह की कार्ययोजना बनाने और उस पर कार्य करने का निर्देश दिया। कार्यसमिति की बैठक में प्रकोष्ठ के विधिक टीम के अधिवक्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

कार्यसमिति के दूसरे सत्र में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, जिला प्रभारी मोतीलाल साहू, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रकोष्ठ प्रभारी निरंजन सिन्हा शामिल हुए। पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने भी प्रकोष्ठ के कार्यों की समीक्षा कर आने वाले समय में किस तरह सरकार के खिलाफ निकाले गए भ्रष्टाचार के मुद्दों को जनता के बीच ले जाने है, इसे लेकर मार्गदर्शन किया। वही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने आरटीआई प्रकोष्ठ के समस्त पदाधिकारियों की पीठ थपथपाते हुए उन्हें पिछले 4 वर्षों में किए गए कार्य के लिए बधाई दी। श्री सवन्नी ने कहा की प्रकोष्ठ के द्वारा निकाली गई अनेक महत्वपूर्ण जानकारियों के कारण पार्टी को विधानसभा में प्रदेश सरकार को घेरने में सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने प्रकोष्ठ के सदस्यों को आगे भी इसी प्रकार निर्भयता से कार्य करने और प्रदेश सरकार की कारगुजारियों को उजागर करने का आव्हान किया जिसे लेकर चुनावी वर्ष में जनमानस के बीच जाया जा सके।

कार्यसमिति की बैठक में बड़ी संख्या में प्रकोष्ठ के विभिन्न जिलों के संयोजक, सहसंयोजक व जिला पदाधिकारी भी मौजूद थे।

Spread the word

You may have missed