कोरबा 31 दिसम्बर। फ्लोरा मैक्स कंपनी और निजी बैंकों की मिलीभगत से ठगी का शिकार हुई महिलाओं ने आवाज बुलंद की है। सैकड़ों महिलाओं ने कलेक्टर कार्यालय के पास धरना प्रदर्शन किया। घंटाघर चौक से रैली निकालकर महिलाएं कलेक्टोरेट तक पहुंची। यह प्रदर्शन बैंकों की गुंडागर्दी, महिलाओं पर बढ़ते कर्ज के दबाव और सरकार से लोन माफी की मांग को लेकर किया गया।

महिलाओं ने कहा कि फ्लोरा मैक्स कंपनी ने निजी बैंकों के साथ मिलकर महिलाओं को झूठे वादे और लाभ के सपने दिखाए। महिलाओं को बैंक से लोन दिलाकर उनके पैसे फ्लोरा मैक्स में इन्वेस्ट कराए गए। कंपनी के बंद हो जाने के बाद बैंकों ने महिलाओं पर कर्ज वसूली का दबाव बढ़ा दिया। बैंक कर्मचारी महिलाओं के घर जाकर धमकी दे रहे हैं और उन्हें मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रहे हैं। धरने में शामिल होने वाली महिलाओं ने कहा कि हमारा सब कुछ लूट लिया गया। अब बैंक वाले हमें परेशान कर रहे हैं। अगर सरकार ने हमारी मांगें नहीं मानीं तो उनके पास आत्महत्या के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचेगा।
महिलाओं ने कहा कि धरना न केवल ठगी की शिकार महिलाओं की आवाज है, बल्कि यह भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ एक बड़ा कदम भी साबित होगा। महिलाओं ने सरकार से अपील की है कि उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि वे एक सम्मानजनक जीवन जी सकें। प्रदर्शन को स्थानीय संगठनों और समाज के विभिन्न वर्गों से भी समर्थन मिल रहा है। संगठनों ने महिलाओं के साथ एकजुट होकर उनकी न्याय की लड़ाई में साथ देने का वादा किया है।

Spread the word

You may have missed