कोरबा। कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र श्यांग में कुआं धंसने से बड़ा हादसा हो गया। ग्राम पंचायत गुरमा में कुएं से पानी निकालने गए ग्रामीण सोनसाय अचानक मिट्टी के मलबे में दब गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन करीब 24 घंटे बाद भी मलबे में दबे ग्रामीण का पता नहीं चल सका है।
पानी निकालने के दौरान अचानक धंस गया कुआं
जानकारी के मुताबिक, घटना श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुरमा की है। 1 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे सोनसाय अपने घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकालने गए थे। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी और आसपास का हिस्सा भरभराकर धंस गया। सोनसाय भी मलबे के साथ कुएं के अंदर दब गए।
ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव का प्रयास
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सोनसाय को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि कुआं गहरा होने और बड़ी मात्रा में मिट्टी जमा होने के कारण उन्हें बाहर नहीं निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
दो JCB से लगातार हटाया जा रहा मलबा
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर दो JCB मशीनों की मदद से लगातार मलबा हटाया जा रहा है। प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण कुएं के आसपास जमा मिट्टी को हटाकर सोनसाय तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।
SDRF और आपदा बल की टीम भी रेस्क्यू में जुटी
सोनसाय की तलाश में SDRF बिलासपुर, जिला आपदा बल और नगर सेना कोरबा की टीम भी मौके पर जुटी हुई है। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि घटना के करीब 24 घंटे बाद भी सोनसाय का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
2017 में सरकारी योजना से बना था कुआं
परिजनों के मुताबिक, यह कुआं वर्ष 2017 में सरकारी योजना के तहत बनाया गया था। फिलहाल पुलिस, जिला प्रशासन, बचाव दल और स्थानीय ग्रामीणों की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। मलबा हटाकर ग्रामीण को खोजने का प्रयास लगातार जारी है।
