मानसून विदा
R.O. No. 13952/23
R.O. No. 13952/23

 रायपुर –  छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन दिन में गर्मी और उमस बरकरार है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जबकि रात में अपेक्षाकृत ठंडक महसूस हो रही है।

इस बीच, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी से उत्तरी ओडिशा, झारखंड और दक्षिण-पश्चिम बिहार होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर द्रोणिका बनी हुई है।

इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों में बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, गरियाबंद, रायगढ़, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका है। हालांकि, राजधानी रायपुर में मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है।

बिलासपुर को छोड़कर ज्यादातर स्थानों पर पारा सामान्य से ऊपर है। सोमवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है। जगदलपुर में पारा 32.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है।

Spread the word