केंदई रेंज दर्रीपारा में हाथियों ने उत्पात मचाते रौंदी फसल

कोरबा 30 सितम्बर। कटघोरा वनमंडल में सक्रिय 8 हाथियों का दल बीती रात केंदई रेंज के दर्रीपारा में भारी उत्पात मचाते हुए 8 किसानों की फसल रौंद दी। जानकारी के अनुसार शाम होते ही हाथियों का दल साली पहाड़ से नीचे उतरा और दर्रीपारा में पहुंचकर भारी उत्पात मचाया।

इस दौरान हाथियों ने आधा दर्जन से अधिक किसानों की फसल को रौंदकर तहस-नहस कर दिया। हाथियों का उत्पात खेत में काफी देर तक चला। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामीण हाथियों को खदेड़ने का प्रयास करते रहे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पाई। सुबह होने से पहले हाथियों ने फिर जंगल का रूख किया और जंगल ही जंगल रास्ता तय करते हुए साली पहाड़ में जाकर छिप गए। अमले ने आज सुबह होने पर हाथियों द्वारा किये गए नुकसानी का आंकलन किया और रिपोर्ट तैयार करने के साथ इसे आगे की कार्यवाही के लिए रेंजर को सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर हाथियों के उत्पात में हजारों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। रेंजर अश्वनी चौबे ने बताया कि वन विभाग हाथी पीड़ितों को फसल नुकसानी की भरपाई के लिए सहायता राशि प्रदान करेगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इधर कोरबा वनमंडल के कुदमुरा रेंज में एक दंतैल हाथी फिर पहुंच गया है। दंतैल हाथी को आज सुबह गुरमा के जंगल में विचरण करते हुए देखा गया और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। जिस पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर दंतैल की निगरानी में जुट गए हैं।

Spread the word

You may have missed