नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में ले जाने पर बवाल, निगम आयुक्त ने 3 अधिकारियों से 48 घंटे में मांगा जवाब

कोरबा, 2 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम से पहले कोरबा नगर निगम में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और श्रम मंत्री समेत राज्य के प्रमुख नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में ले जाने का मामला सामने आने के बाद निगम आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए तीन अधिकारियों से 48 घंटे में जवाब मांगा है।

जानकारी के अनुसार, ओपन थिएटर में 2 से 4 नवंबर तक राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी स्थल पर नेताओं के कटआउट लगाने का जिम्मा निगम के उप अभियंता अश्विनी दास को दिया गया था। वहीं, स्वच्छता निरीक्षक रविंद्र थवाईत पशु वाहन (काऊ कैचर) के प्रभारी हैं और उप अभियंता अभय मिंज निगम के वाहन शाखा की मॉनिटरिंग देखते हैं।

दूसरी बार दोहराई गई वही गलती

गौरतलब है कि 11 सितंबर 2025 को भी इसी तरह नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में ढोया गया था। तब निगम प्रशासन ने चेतावनी देकर मामला समाप्त किया था। लेकिन अब उसी गलती की पुनरावृत्ति होने पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने तीनों अधिकारियों को नोटिस जारी किया है।

Spread the word

You may have missed