हाथियों का उत्पात जारी, पसान व एतमानगर रेंज में धान के फसलों को किया क्षतिग्रस्त

कोरबा 17 अक्टूबर। वनमंडल कटघोरा में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। यहां के पसान व एतमानगर रेंज में घूम रहे हाथियों के दल ने बीती रात उत्पात मचाते हुए एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों के खेतों में लगे धान की फसल को रौंद दिया।

जानकारी के अनुसार 26 हाथियों का दल कल तक केंदई रेंज के चोटिया क्षेत्र में विचरण कर रहा था। हाथियों के इस दल ने बीती रात आगे का रूख किया और जंगल ही जंगल होते हुए एतमानगर रेंज की सीमा में प्रवेश किया और मड़ई के पास पहुंचने के साथ ही जंगल में डेरा डाल दिया। बड़ी संख्या में हाथियों के क्षेत्र में आने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचकर हाथियों की निगरानी में जुट गए हैं। मड़ई व आसपास के गांव में मुनादी कराने के साथ ग्रामीणों को सतर्क करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

12 हाथियों का दल अभी भी बनिया गांव में है। हाथियों के इस दल ने बीती रात उत्पात मचाते हुए 12 ग्रामीणों के खेतों में लगे धान की फसल को रौंदने के साथ मटियामेट कर दिया। ग्रामीणों को धान फसल रौंदे जाने की जानकारी आज सुबह तब लगी जब वे अपने फसल को देखने खेतों में पहुंचे तो वहां धान फसल को रौंदा हुआ व तहस-नहस पाया। इसकी सूचना वन विभाग को दी है।

Spread the word

You may have missed