मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि अभियान को सरकारी कार्यक्रम की तरह नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी वाले उत्सव के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
शाम 7 बजे हर घर में जलेगा दीया
मुख्यमंत्री ने अपील की है कि 17 सितंबर को शाम 7 बजे हर परिवार अपने घर में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाए। उन्होंने आसपास के लाभार्थी परिवारों को भी इस पहल से जोड़ने का आग्रह किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार इस पहल के जरिए शुभकामनाओं के साथ सेवा और जनकल्याण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को भी मजबूती मिलेगी।
एक महीने तक सेवा के अलग-अलग अभियान
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनसेवा से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने की अपील की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव हो या शहर, हर व्यक्ति अपने स्तर पर कोई न कोई सेवा कार्य कर इस अभियान को सफल बना सकता है।
‘सेवा’ को जनआंदोलन बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेवा छत्तीसगढ़ की संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा है। जब सेवा का भाव समाज की भागीदारी से जुड़ता है, तो उसका प्रभाव कहीं अधिक व्यापक होता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से खुद जुड़ने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी अभियान से जोड़ने की अपील की।
गरीब कल्याण की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और विकास की योजनाओं से बड़ी संख्या में परिवारों को पक्का आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि विकास की वास्तविक सफलता तब है, जब आम नागरिक के जीवन में बदलाव आए और उसके सपनों को नई दिशा मिले।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश के गांव और शहर मजबूत होंगे तथा प्रत्येक परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा। छत्तीसगढ़ भी विकसित भारत के निर्माण में अपनी मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान इसी सामूहिक सोच को मजबूत करने का अवसर है। स्वच्छता से लेकर पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की मदद तक, प्रत्येक छोटा प्रयास समाज में बड़ा बदलाव ला सकता है।
CM साय ने प्रदेशवासियों से क्या कहा ?
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने के साथ सेवा का संकल्प भी लें। उन्होंने कहा कि अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी होनी चाहिए, ताकि सेवा और जनकल्याण की भावना पूरे प्रदेश में व्यापक रूप ले सके।
मुख्यमंत्री का संदेश : एक दीपक शुभकामना का, एक संकल्प सेवा का। मिलकर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को छत्तीसगढ़ में जनभागीदारी का उत्सव बनाएं और विकसित छत्तीसगढ़ के जरिए विकसित भारत के संकल्प को मजबूती दें।

