जगदलपुर। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का सपना आज की युवा पीढ़ी के संकल्प, सोच और सक्रिय भागीदारी से ही साकार होगा। यह बात केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जगदलपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कही। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने और देश के विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि जब देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब विकसित भारत की बागडोर आज की अमृत पीढ़ी के हाथों में होगी। इसलिए युवाओं को अभी से अपने लक्ष्य तय कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
माय भारत प्लेटफॉर्म से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
डॉ. मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म को युवाओं के लिए अवसरों का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म के जरिए नवाचार, मार्गदर्शन, स्वयंसेवा और करियर से जुड़े अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। देशभर में एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि युवा नीति निर्माण और जनसेवा में भी अपनी भूमिका निभा सकें।
केंद्रीय मंत्री ने युवाओं को प्रधानमंत्री के पंच प्रण की याद दिलाते हुए विकसित भारत का संकल्प लेने, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता और नागरिक कर्तव्यों के पालन को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि युवा किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ें, राष्ट्रहित हमेशा सर्वोपरि होना चाहिए।
मतदाता सूची और लोकतंत्र पर भी हुई चर्चा
युवा संवाद के दौरान छात्र प्रांजल के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। डॉ. मांडविया ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची के साथ निष्पक्ष मतदान भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे संवाद कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
चित्रकोट जलप्रपात और बस्तर की पर्यटन क्षमता की सराहना
केंद्रीय मंत्री ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं की प्रशंसा की। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने उपस्थित युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ भी दिलाई।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप और जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह ने भी युवाओं को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा और विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
