air ssss
R.O. No. 13952/23
R.O. No. 13952/23

रायपुर-  रायपुर में आज (30 अक्टूबर) भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम आसमान में उड़ान भरती नजर आएगी। दोपहर 12:20 बजे से 12:45 बजे तक करीब 25 मिनट का हवाई प्रदर्शन होगा। इस दौरान पांच हेलीकॉप्टर शहर के ऊपर से गुजरेंगे। शहरवासी अपने घरों की छतों से इस नजारे को देख सकेंगे।

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग टीम का विशेष एयर शो आयोजित किया जाएगा। इससे पहले रायपुर में होने वाली हेलीकॉप्टरों की उड़ान को लेकर लोगों में उत्साह है। सारंग टीम अपने शानदार हवाई करतब और हेलीकॉप्टरों के बीच बेहतरीन तालमेल के लिए देश-विदेश में पहचान रखती है।

2003 में हुआ था सारंग टीम का गठन

भारतीय वायुसेना की सारंग एयरोबेटिक टीम का गठन साल 2003 में किया गया था। टीम ने फरवरी 2004 में सिंगापुर के एशियन एयरोस्पेस एयर शो में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन किया था। इसके बाद से टीम कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एयर शो में अपने हवाई करतब दिखा चुकी है।

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से दिखाती है करतब

सारंग टीम के प्रदर्शन में भारत में विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल किया जाता है। इन हेलीकॉप्टरों के जरिए पायलट समूह में उड़ान भरने, तेज मोड़ लेने और एक-दूसरे के साथ सटीक तालमेल बनाने जैसे करतब दिखाते हैं। हेलीकॉप्टरों पर मोर से प्रेरित रंग और डिजाइन भी टीम की खास पहचान हैं।

टीम में होते हैं पांच हेलीकॉप्टर

सारंग टीम में कुल पांच हेलीकॉप्टर शामिल होते हैं। आमतौर पर चार हेलीकॉप्टर हवाई करतब दिखाते हैं, जबकि पांचवें हेलीकॉप्टर को बैकअप के तौर पर रखा जाता है। प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरते हुए आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते हैं। इस दौरान पायलटों को गति, दिशा और एक-दूसरे से दूरी का विशेष ध्यान रखना पड़ता है।

फॉर्मेशन फ्लाइंग होता है प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण

सारंग टीम के एयर शो में फॉर्मेशन फ्लाइंग सबसे खास होता है। इसमें कई हेलीकॉप्टर एक निश्चित दूरी बनाए रखते हुए एक साथ उड़ान भरते हैं। इसके अलावा एक साथ दिशा बदलना, तेजी से ऊपर की ओर उड़ान भरना और आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाना जैसे करतब भी दिखाए जाते हैं।

इससे पहले सारंग टीम के अधिकारियों ने राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। राज्योत्सव के दौरान होने वाला यह एयर शो नवा रायपुर में दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।

Spread the word