रायपुर – लाभांडी की बीएसयूपी कॉलोनी में देर रात 40 साल के पूर्णेश यादव का खून से लथपथ शव मिला। शव मिलने से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। शुरुआत में हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन फॉरेंसिक जांच और शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छत से गिरने के कारण मौत की बात सामने आई है।
पुलिस को शक है कि पूर्णेश साड़ियों के सहारे बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नीचे गिर गया। घटनास्थल पर दीवार में पैरों के निशान और बालकनी से लटकी साड़ियां मिली हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूर्णेश अपनी पत्नी हेमिन यादव के साथ बीएसयूपी कॉलोनी में रहता था। उसने काम छोड़ दिया था, जबकि उसकी पत्नी निजी अस्पताल में काम करती है। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 14 और 16 साल है। दोनों गांव में दादा-दादी के पास रहते हैं।
सोमवार रात करीब 8.30 बजे पूर्णेश ने पत्नी हेमिन को घर से बाहर निकालकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। हेमिन बाहर बैठी रही, लेकिन रात करीब 10.30 बजे लौटने पर भी पूर्णेश ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद वह पास में रहने वाले रिश्तेदार के घर जाकर वहीं सो गई। सुबह उसे पूर्णेश की मौत की जानकारी मिली।
दरवाजा भीतर से बंद कर बालकनी से नीचे उतरने की कोशिश
पूर्णेश दरवाजा भीतर से बंद कर बालकनी से उतरने की कोशिश की है। मकान के पीछे की बालकनी में दो साड़ियां बांधकर नीचे लटकाई गई थीं। ये पहली मंजिल तक पहुंच रही थीं। पुलिस को आशंका है कि पूर्णेश ने दरवाजे की जगह साड़ियों के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की होगी।
इसी दौरान वह गिर गया। हालांकि, वह बालकनी से नीचे क्यों उतर रहा था, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी को अक्सर घर से निकाल देता था
पुलिस के अनुसार, पूर्णेश और हेमिन के बीच अक्सर विवाद होता था। झगड़े के बाद पूर्णेश पत्नी को घर से निकाल देता था, लेकिन वह अगले दिन फिर लौट आती थी।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों के बीच विवाद की वजह पूर्णेश का काम नहीं करना और दिनभर शराब पीना बताई जा रही है। घटना को लेकर हेमिन को यकीन नहीं हो रहा है कि पूर्णेश अब इस दुनिया में नहीं है। तमाम विवाद के बाद भी वह पति के साथ ही रहती थी। दोनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
