रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेशभर में राज्योत्सव 2026 मनाया जाएगा। राज्य शासन ने सभी जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए मुख्य अतिथियों की सूची जारी कर दी है। इस दौरान प्रदेश के मंत्री, सांसद और विधायक विभिन्न जिलों में आयोजित समारोहों में शामिल होंगे। कार्यक्रमों में विकास योजनाओं की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित करने की व्यवस्था भी रहेगी।
2 नवंबर को सभी जिला मुख्यालयों में आयोजन
सामान्य प्रशासन विभाग ने 27 अक्टूबर 2026 को मुख्य अतिथियों के निर्धारण संबंधी आदेश जारी किया है। इसके अनुसार जांजगीर-चांपा में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और दुर्ग में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। सरगुजा में रामविचार नेताम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में दयालदास बघेल, कांकेर में केदार कश्यप, कोरबा में लखन लाल देवांगन, जशपुर में श्याम बिहारी जायसवाल और रायगढ़ में ओ.पी. चौधरी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसी तरह सूरजपुर में लक्ष्मी राजवाड़े, गरियाबंद में टंकराम वर्मा और राजनांदगांव में गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि होंगे। कोरिया में विधायक भैयालाल राजवाड़े तथा बीजापुर में गुरु खुशवंत साहेब को मुख्य अतिथि बनाया गया है।
कई जिलों में सांसद और विधायक संभालेंगे अतिथि की जिम्मेदारी
बलौदाबाजार-भाटापारा में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में विजय बघेल, कबीरधाम में संतोष पाण्डेय, बलरामपुर-रामानुजगंज में चिंतामणि महाराज, महासमुंद में रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में राधेश्याम राठिया, सक्ती में कमलेश जांगड़े, दन्तेवाड़ा में महेश कश्यप, बालोद में भोजराज नाग, सुकमा में देवेन्द्र प्रताप सिंह और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में लक्ष्मी वर्मा मुख्य अतिथि होंगे।
मुंगेली में पुन्नूलाल मोहले, धमतरी में अजय चन्द्राकर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में रेणुका सिंह, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही में अमर अग्रवाल, कोण्डागांव में लता उसेंडी, नारायणपुर में विक्रम उसेंडी तथा बस्तर में किरण देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस वर्ष की थीम
राज्योत्सव 2026 के कार्यक्रमों की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। जिला मुख्यालयों में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें विकास योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और सफल परियोजनाओं की जानकारी दी जाएगी। स्थानीय कलाकारों को भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। शासन ने कार्यक्रमों में शालीनता और गरिमा बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
1 से 3 नवंबर तक रोशनी से जगमगाएंगे सरकारी भवन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक जिला मुख्यालयों में स्थित शासकीय भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। संबंधित विभाग अपने बजट से प्रकाश व्यवस्था की तैयारी करेंगे। जिला कलेक्टरों को मुख्य अतिथियों से परामर्श कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्योत्सव के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा, सरकारी योजनाओं और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को जिला स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
