रायपुर- रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज आउटडोर स्टेडियम में रविवार को पारंपरिक खेलों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। MY Bharat और भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 150 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। युवाओं ने रस्साकशी, कबड्डी और गिल्ली-डंडा जैसे खेलों में भाग लेकर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के छठे सप्ताह में आयोजित किया गया। इसकी थीम ‘पारंपरिक खेल: हमारी विरासत, हमारे खेल, हमारा गौरव’ थी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ना, उन्हें शारीरिक रूप से सक्रिय रखना और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। खेलों के साथ योग और रस्सी कूद जैसी गतिविधियां भी कराई गईं।

कार्यक्रम में दुर्गा महाविद्यालय के MY Bharat स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के नुकसान बताए। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ ली और नशामुक्त समाज बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।

अमरजीत सिंह छाबड़ा रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने की। इस अवसर पर MY Bharat के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी, सहायक निदेशक रमन पटेल, SAI के हाई परफॉर्मेंस कोच कुशल चंद्र त्रिपाठी, सतीश दुबे, रेणु पारिक, दुर्गा महाविद्यालय की सुनीता चंसोरिया, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव चौधरी और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ महेंद्र राजपूत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
