बाजार में सक्रिय झारखंड का गिरोह, नाबालिग को ‘गूंगा’ बनाकर कराते थे चोरी
जांजगीर पुलिस ने चार मामलों का किया खुलासा
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के बाजारों से मोबाइल चोरी कर झारखंड के रास्ते नेपाल भेजने वाले गिरोह का जांजगीर पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों में ग्राहकों को निशाना बनाता और चोरी के लिए नाबालिग को गूंगा बच्चा बनाकर इस्तेमाल करता था। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने चार मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 1 लाख 14 हजार 500 रुपये है।
बुधवारी बाजार में चार मोबाइल चोरी, चार अपराध दर्ज
पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर को जांजगीर के बुधवारी बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचे धनंजय कुमार शुक्ला का सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल चोरी हो गया। इसके बाद शिवनारायण सोनी, प्रमोद कुमार तिवारी और संतोष कुमार कश्यप ने भी बाजार में मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। चारों मामलों में कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
नैला स्टेशन पर पकड़ाया आरोपी
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को नैला रेलवे स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली। घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। उसकी पहचान झारखंड के साहेबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपुर निवासी मोहन महतो के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से चार मोबाइल बरामद किए हैं।
नाबालिग को दी थी चोरी की ट्रेनिंग
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले 25 से 30 दिनों से चांपा में किराये का कमरा लेकर दो साथियों के साथ रह रहा था। इनमें एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल था। पुलिस के अनुसार, नाबालिग को झारखंड के तीनपहाड़ में करीब एक महीने तक ट्रेनिंग दी गई थी। उसे भीड़ में लोगों की जेब से मोबाइल निकालना सिखाया गया था। पकड़े जाने पर वह गूंगा बच्चा बनने का नाटक करता था, ताकि लोग उसे बच्चा समझकर छोड़ दें।
चांपा में ठिकाना, आसपास के जिलों में चोरी
पुलिस के मुताबिक, गिरोह चांपा में रहकर आसपास के जिलों के बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करता था। चोरी के मोबाइल झारखंड ले जाए जाते थे, जहां से उन्हें नेपाल भेजने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
रिमांड पर आरोपी, साथियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे चोरी की अन्य घटनाओं और गिरोह के बाकी सदस्यों के बारे में जानकारी मिल सकती है।
संयुक्त टीम की कार्रवाई: कार्रवाई साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और जांजगीर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में की गई। इसमें साइबर थाना और कोतवाली जांजगीर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का योगदान रहा।
