IMG-20261023-WA0013(1)
R.O. No. 13952/23
R.O. No. 13952/23

बारिश से रुके काम जल्द होंगे शुरू, गुणवत्ता में लापरवाही और समय-सीमा तोड़ने वाले ठेकेदारों पर ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई के निर्देश

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्यों को लेकर अब सख्ती बढ़ने के संकेत हैं। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव में निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि पुराने और लंबित निर्माण कार्यों को दिसंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। बारिश के कारण रुके कार्यों को शीघ्र शुरू कर निर्माण की गति बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई

समीक्षा बैठक में सड़कों, पुल-पुलियों और भवन निर्माण से जुड़े स्वीकृत, निर्माणाधीन तथा लंबित कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। सचिव ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा और तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं। गुणवत्ताहीन काम करने या तय समय में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और परियोजनाओं की प्रगति पर लगातार निगरानी रखें। जिन कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हो रही है, उनकी बाधाओं की पहचान कर तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए।

सड़क और भवन निर्माण कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता

मुकेश कुमार बंसल ने सड़क निर्माण, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और मरम्मत कार्यों की समीक्षा करते हुए इन्हें प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उद्देश्य नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। भवन निर्माण, मरम्मत और संधारण कार्यों में भी तेजी लाने तथा लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों को निर्माण कार्यों की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा अनावश्यक देरी रोकने को कहा गया।

दीपावली से पहले श्रमिकों को मजदूरी भुगतान का आदेश

बैठक में श्रमिकों की मजदूरी भुगतान को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। सचिव ने कहा कि निर्माण कार्यों में लगे सभी श्रमिकों को दीपावली से पहले मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को भुगतान की स्थिति की समीक्षा कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

विकास कार्यों में जवाबदेही पर जोर

सचिव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के निर्माण कार्य सीधे नागरिक सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास से जुड़े हैं। ऐसे में अधिकारियों को जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ काम करना होगा। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ विभागीय समन्वय बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में राजनांदगांव कलेक्टर जितेन्द्र यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी और लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Spread the word