सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर में आयोजित SING FORUM 2026 के मंच से छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय उद्योग जगत के सामने रखा। उन्होंने सिंगापुर के निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा से जुड़ने और प्रदेश में निवेश करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल खनिज संपदा और पारंपरिक उद्योगों की पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि तकनीक, नवाचार और आधुनिक उद्योगों के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के प्राकृतिक संसाधनों और आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर प्रदेश को देश के प्रमुख औद्योगिक एवं निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत को प्रदेश में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए निवेश के लिए अनुकूल माहौल का भरोसा दिलाया।
सिंगापुर की विशेषज्ञता से छत्तीसगढ़ को जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर ने तकनीक, शहरी विकास और आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में दुनिया के सामने प्रभावी मॉडल प्रस्तुत किया है। वहीं छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, औद्योगिक क्षमता और विशाल विकास संभावनाओं से समृद्ध है। दोनों की क्षमताओं को एक साथ लाने से विकास और निवेश के नए रास्ते खुल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य ऐसा इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें निवेश के साथ रोजगार और कौशल विकास के अवसर भी बढ़ें।
ग्रीन एनर्जी, लॉजिस्टिक्स और तकनीक पर चर्चा
SING FORUM के दौरान टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इन क्षेत्रों में सिंगापुर की विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ को दिलाने और दोनों पक्षों के बीच साझेदारी विकसित करने की संभावनाएं तलाशी गईं।
खनिज संपदा से आगे बढ़ रही छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था में खनिज और पारंपरिक उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, लेकिन अब राज्य नए क्षेत्रों में भी अपनी संभावनाएं विकसित कर रहा है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी और तकनीक आधारित उद्योग भविष्य की आर्थिक प्रगति के महत्वपूर्ण आधार बन सकते हैं।
उन्होंने सिंगापुर के निवेशकों से इन अवसरों का लाभ उठाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री साय का सिंगापुर दौरा छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर रखने और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ आर्थिक एवं तकनीकी साझेदारी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
