सराफा
R.O. No. 13952/23
R.O. No. 13952/23

दुर्ग-  जिले के पाटन में सराफा व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पाटन पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने राजस्थान के अलवर निवासी छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले असली सोना गिरवी रखकर व्यापारी का भरोसा जीता और बाद में नकली सोने की पत्तियां देकर 15 लाख 93 हजार रुपये की ठगी की। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

 

पहले असली सोना देकर बनाया भरोसा

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार गिरोह के सदस्य ठगी से पहले सराफा व्यापारियों का विश्वास जीतते थे। इसके लिए वे असली सोने की वस्तु गिरवी रखते और समय पर रकम वापस कर देते थे। इससे व्यापारी को आरोपियों पर भरोसा हो जाता था।

पाटन में भी आरोपियों ने इसी तरीके का इस्तेमाल किया। पहले नकली सोने की एक पत्ती गिरवी रखकर उसकी रकम चुका दी गई, जिससे व्यापारी को भरोसा हो गया। इसके बाद दो आरोपी दोबारा दुकान पहुंचे और 18 सोने की पत्तियों को असली बताकर 15 लाख 93 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा दुकान से सोने-चांदी के अन्य सामान भी उधारी में लिए गए।

जांच में करीब 90 फीसदी दूसरी धातु मिली

व्यापारी ने जब सोने की पत्तियों की जांच कराई तो ठगी का खुलासा हुआ। जांच में पत्तियों में करीब 90 फीसदी दूसरी धातु होने की बात सामने आई। इसके बाद व्यापारी ने पाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई।पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की और आसपास के जिलों के सराफा व्यापारियों को भी गिरोह के तरीके के बारे में सतर्क किया।

बालोद में 25 लाख की ठगी से पहले पकड़ा गया गिरोह

पुलिस ने बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव और रायपुर के ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के सराफा व्यापारियों और ज्वेलर्स एसोसिएशन को आरोपियों के संबंध में जानकारी दी थी। इसी दौरान बालोद के अर्जुंदा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति नकली सोना गिरवी रखकर 25 लाख रुपये लेने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पाटन में हुई ठगी सहित गिरोह के काम करने के तरीके की जानकारी सामने आई।

राजनांदगांव में किराए के मकान से चला रहे थे गतिविधियां

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य राजनांदगांव में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। पुलिस टीम जब आरोपियों को पकड़ने पहुंची तो दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनका पीछा किया और दोनों को नागपुर रेलवे स्टेशन से आरपीएफ की सहायता से गिरफ्तार कर लिया।

दो महिलाएं भी गिरोह में शामिल

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं और सभी राजस्थान के अलवर जिले के रहने वाले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरोह अन्य सराफा व्यापारियों को भी इसी तरीके से निशाना बनाने की तैयारी में था। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित पीड़ित व्यापारियों की जानकारी जुटा रही है।

Spread the word