स्कूल के पास पेड़ पर लटका मिला युवक का शव

कोरबा 24 जनवरी। सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पीछे मैदान में एक युवक का शव पाया गया है। फांसी के फंदे पर उसे देखा गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम करने के साथ पंचनामा किया। मृतक की पहचान करने के साथ शव पोस्टमार्टम के लिए कोरकोमा भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार रजगामार के स्कूल मैदान में यह मामला सामने आया। जिसमें 28 वर्षीय संजय वर्मा का शव पेड़ पर लटका मिला। शव देखे जाने की खबर आम होने पर काफी संख्या में लोग यहां जुट गए। युवक अपने फोन पर कुछ घंटे पहले उदासी भरे गाने चला रहा था। उसने कान पर हेड फोन भी लगा रखा था। प्रत्यक्ष दर्शियों की ओर से इस तरह की जानकारी पुलिस को मिली। जब कुछ घंटे बाद उसका शव मिला तो निष्कर्ष निकाला गया कि तनाव के चक्कर में उसने आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि स्पष्ट रूप से इस मामले को लेकर कोई कारण सामने नहीं आ सका है। रजगामार पुलिस ने 174 सीआरपीसी के अंतर्गत मर्ग कायम किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से स्पष्ट हो सकेगा कि संजय वर्मा की मौत के पीछे कौन से कारण जिम्मेदार रहे होंगे।

Spread the word

You may have missed