रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में पारंपरिक चॉक और ब्लैकबोर्ड का जमाना अब बीते दिनों की बात बनने जा रहा है। समग्र शिक्षा ने राज्य के पूर्व माध्यमिक, हाई, हायर सेकंडरी, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों और पीएमश्री स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित करने का अभियान शुरू किया है।
इस योजना के तहत कक्षाओं में 65 इंच की 4 के टच स्क्रीन (इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल) लगाई जा रही हैं। इसकी मदद से बच्चे अब किताबों के पन्नों के साथ- साथ डिजिटल एनीमेशन, 3डी डायग्राम और ऑडियो-वीडियो के जरिए पढ़ाई कर सकेंगे।
रायपुर के 4 ब्लॉकों के इन स्कूलों का चयन
रायपुर जिले के चारों विकासखंडों में कुल 155 शासकीय स्कूलों को इस हाई-टेक स्मार्ट क्लास योजना में शामिल किया गया है।
आरंग ब्लॉक : सर्वाधिक 44 स्कूलों का चयन किया गया है। (उदाहरण: शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरंग, हाई स्कूल भैंसा, मिडिल स्कूल रसनी आदि)। तिल्दा ब्लॉक : कुल 40 स्कूलों में डिजिटल बोर्ड लगेंगे। (उदाहरण: बीएनबी नेओरा, बंगोली, खरोरा और बैकुंठ के स्कूल)। धरसींवा ब्लॉक : कुल 32 स्कूलों का चयन हुआ है। (उदाहरण: सप्रे मिडिल स्कूल, रविशंकर यूनिवर्सिटी परिसर स्कूल, निवेदिता गर्ल्स स्कूल आदि)। अभनपुर ब्लॉक : कुल 39 स्कूलों को शामिल किया गया है। (उदाहरण: नवापारा, माना/टुटा, पलोद और ब्लॉक कॉलोनी अभनपुर के स्कूल)।
चरणबद्ध तरीके से बनाएंगे
निजी स्कूलों की तर्ज पर सरकारी स्कूलों में भी स्मार्ट क्लास रूम तैयार किए जा रहे हैं। स्मार्ट क्लास रूम बनाने के लिए समग्र शिक्षा की तरफ से जिले के 155 स्कूलों का चयन किया गया है। चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट क्लास रूम बनाए जाएंगे। -सतीश कुमार नायर, डीईओ, रायपुर
पीएमश्री में शुरू होगी वर्चुअल क्लास
सामान्य सरकारी स्कूलों की तुलना में पीएमश्री विद्यालयों को अतिरिक्त डिजिटल सेटअप मिलेगा। क्लासरूम ऑनलाइन वर्चुअल लैब बनेंगे। इनमें 5जी डोंगल, वेबकैम और कॉन्फ्रेंस माइक लगेंगे। सभी सिम सपोर्ट करने वाला 5जी एलटीई वाई-फाई यूएसबी डेटा कार्ड भी उपलब्ध कराया जाएगा।
सीलन मुक्त कमरे में लगेगी स्क्रीन
स्मार्ट क्लास के लिए कमरा सीलन-मुक्त, पेंटेड और स्वच्छ होना चाहिए। खिड़की-दरवाजे सही हों। बेहतर इलेक्ट्रिफिकेशन, 3-फेज अर्थिंग और सुरक्षा वायरिंग अनिवार्य है, ताकि शॉर्ट सर्किट न हो। एजेंसी उपकरण सुरक्षित पहुंचाकर इंस्टॉल करेगी। कंपनी शिक्षकों को स्मार्ट बोर्ड चलाने की ट्रेनिंग देगी।
