कौन है भाजपा की ”बी” टीम ?

न्यूज एक्शन। राजनीति में इन दिनों बी टीम की चर्चा आम है। कांग्रेस के कुछ बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जकांछ को भाजपा की बी टीम बता रहे है। कांग्रेस नेताओं का यह आरोप रहा है कि जकांछ को वोट देना यानि भाजपा को वोट देना। इस तरह से भाजपा जकांछ के बीच अघोषित गठबंधन की बातें कहीं जा रही है। कांग्रेसियों ने तो जोगी की पार्टी पर भाजपा की बी टीम का ठप्पा लगा दिया है। लेकिन अब बी टीम के इस ठप्पे का उल्टा असर कांग्रेस पर भी नजर आने लगा है। जैसे ही कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एवं पाली तानाखार विधायक रामदयाल उइके ने भाजपा का दामन थामा है उसके बाद से कांग्रेस पर आरोपों की झड़ी लग चुकी है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्यमंत्री की बी टीम की तरह काम कर रहे है। भाजपा को घेरने के बजाए अपना घर संभालने में सफल नहीं हो रहे है। मुख्यमंत्री के खिलाफ कल तक जहर उगलने वाले नेता अब आगे पीछे सोचने लगे है। कहीं आदिवासी नेतृत्व के नाम पर उन्हें ही कटघरे में ही न खड़ा कर दिया जाए। जिस तरह से उइके ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर आदिवासी विरोधी का आरोप लगाया है उसके बाद से बी टीम का ठप्पा कहीं न कहीं कांग्रेस पर भी लगने लगा है। इस पेशोपेश में आम जनता भ्रमित है कि आखिर भाजपा की बी टीम के रूप में कौन सी पार्टी काम कर रही है।जनता जनार्दन होती है हर बात समझती है शायद वे बी टीम को भी अब अपनी नजर से भलीभांति पहचान गए होगें।

Spread the word

You may have missed