IMG-20261001-WA0034

रायपुर: नशे के खिलाफ जनजागरूकता को मजबूती देने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को राजधानी रायपुर में खुद पदयात्रा में शामिल हुए। देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक निकली नशामुक्ति पदयात्रा में मुख्यमंत्री ने युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं और नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाया। इस दौरान उन्होंने नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्त बनाने की अपील की।

विष्णु भैया का संदेश- नशामुक्त छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव

पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए नशे के खिलाफ लड़ाई को केवल सरकारी अभियान न मानकर सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा स्वस्थ, शिक्षित और कुशल होंगे तथा अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएंगे तो छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति मिलेगी।

युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल और रोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ उन्हें शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। उनका कहना है कि युवाओं को सकारात्मक अवसर मिलेंगे तो उनकी प्रतिभा और ऊर्जा प्रदेश के निर्माण में उपयोग होगी।

उन्होंने आधुनिक क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित करने के साथ सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे उभरते क्षेत्रों में अवसर तैयार करने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

सरदार पटेल की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

देवेंद्र नगर चौक से शुरू हुई पदयात्रा लाल चौक पहुंची। यहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, महिलाएं, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस पहल को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि किसी भी सामाजिक बदलाव के लिए सरकार के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा लंबे समय से नशामुक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर पदयात्रा आयोजित किए जाने की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जब कोई अभियान जनअभियान बनता है, तभी उसका प्रभाव व्यापक और स्थायी होता है।

युवाओं से सीधी अपील

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पदयात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं और युवाओं से कहा कि नशामुक्ति का संदेश केवल कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज को विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला बताया।

मुख्यमंत्री का संदेश साफ रहा—युवा शक्ति को नशे से बचाकर शिक्षा, कौशल और रोजगार से जोड़ना ही भविष्य के छत्तीसगढ़ को मजबूत बनाने की दिशा है।

Spread the word
R.O. No. 13952/23