IMG-20260929-WA0144

रायपुर। राजधानी रायपुर में मंगलवार को सेवा, राष्ट्रभाव और युवा शक्ति का संगम देखने को मिला। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘सेवा संकल्प यात्रा एवं युवा संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। गुजरात के वडनगर से लंबी बाइक यात्रा कर रायपुर पहुंचे युवाओं के साथ बस्तर संभाग से आए बाइक राइडर्स का भी मुख्यमंत्री ने स्वागत किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देकर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

वडनगर से रायपुर पहुंची सेवा संकल्प यात्रा

सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से शुरू हुई बाइक यात्रा रायपुर पहुंची। यात्रा के दौरान युवा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को लेकर जनजागरूकता का संदेश दे रहे हैं। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे बाइक राइडर्स ने भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस तरह की यात्राएं युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध को मजबूत करने का माध्यम बनती हैं। कार्यक्रम में बताया गया कि यात्रा में लगभग 1200 युवा करीब 2000 किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं।

विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी लक्ष्य के अनुरूप छत्तीसगढ़ को भी विकसित राज्य बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। इसका उद्देश्य प्रदेश की भविष्य की जरूरतों और संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विकास की दिशा तय करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बस्तर के बच्चों की आंखों में अब बड़े सपने

कार्यक्रम के दौरान बस्तर से रायपुर आकर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। गोविंद कुमार, दृष्टि ध्रुव, दीपक मरकाम और दीना उइके ने बस्तर में आए बदलाव और अपने अनुभवों के बारे में बताया।

विद्यार्थियों ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में स्कूल, अस्पताल और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नई पीढ़ी अब भारतीय सेना, सिविल सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के सपने देख रही है।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों के विचारों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर के बच्चों की आंखों में दिखाई दे रहे भविष्य के सपने बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़कर सामाजिक सरोकार के विभिन्न कार्यों को गति दी जा रही है। अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।

राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कार्यक्रम में सेवा संकल्प यात्रा की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यात्रा से जुड़े युवा विभिन्न सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे हैं।

रायपुर में बड़ी संख्या में मौजूद रहे युवा और जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा एवं वी.डी. शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, किरण सिंहदेव एवं अनुज शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा सेवा संकल्प यात्रा के बाइक राइडर्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, गणमान्य नागरिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Spread the word
R.O. No. 13952/23