रायपुर। नवरात्रि और दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मां काली और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने विधि-विधान से आराधना करते हुए मां भगवती से छत्तीसगढ़ में शांति, प्रगति और प्रत्येक परिवार के कल्याण का आशीर्वाद मांगा।
मां भगवती की आराधना कर प्रदेश के लिए की मंगलकामना
मुख्यमंत्री साय शनिवार शाम कालीबाड़ी मंदिर एवं दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। पूजा के दौरान उन्होंने मां के चरणों में शीश नवाया और प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की। मंदिर में श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं से भी आत्मीय मुलाकात की और उन्हें नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है नवरात्रि
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें साहस, सकारात्मकता और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। शक्ति की उपासना का यह पर्व हमारी आस्था और गौरवशाली सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति को विशेष स्थान प्राप्त है और नवरात्रि हमें महिलाओं के सम्मान तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराती है।
त्योहार समाज को जोड़ते हैं
साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और लोक परंपराओं से है। पर्व और उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं होते, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजन विभिन्न समुदायों को जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति तथा परंपराओं से परिचित कराते हैं।
किसानों और युवाओं की तरक्की की कामना
मुख्यमंत्री ने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रदेश के किसानों के खेतों में समृद्धि आए, युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिले और माताओं-बहनों सहित हर परिवार के जीवन में खुशहाली बनी रहे। उन्होंने कामना की कि छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ता रहे।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
