
अहमदाबाद। अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 का गुरुवार को हुए भयावह हादसे के बाद पूरा देश शोक में डूबा हुआ है। इस हादसे में जहां 241 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई गई थी, वहीं अब एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने हर किसी को चौंका दिया है — सीट नंबर 11A पर सवार एक यात्री चमत्कारी रूप से जीवित मिला है।
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने पुष्टि की है कि 11A पर बैठे एक यात्री को घायल अवस्था में जीवित पाया गया और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, “विमान रिहायशी इलाके में गिरा है, ऐसे में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।”
“जब होश आया, चारों ओर लाशें ही लाशें थीं” – विश्वास कुमार
रिपोर्ट के मुताबिक, 40 वर्षीय विश्वास कुमार रमेश नाम के यात्री ने बताया कि हादसे के बाद जब उन्हें होश आया, उनके चारों तरफ केवल लाशें और जलता मलबा था। “तेज आवाज आई और 30 सेकंड्स में सब खत्म हो गया। जब होश आया, तो मेरे पास किसी ने आकर मुझे बाहर निकाला और एम्बुलेंस में डाला।” — विश्वास कुमार विश्वास, जो कि ब्रिटिश नागरिक हैं, अपने भाई अजय कुमार रमेश के साथ भारत यात्रा पर आए थे और लंदन लौट रहे थे। उनका परिवार पिछले 20 साल से ब्रिटेन में रह रहा है।

शवों की पहचान में आ रही दिक्कत, मांगे गए DNA सैंपल
हादसा इतना भयानक था कि अधिकतर शव बुरी तरह जले हुए हैं और उनकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है। गुजरात सरकार ने पीड़ितों के परिजनों से DNA सैंपल जमा करने की अपील की है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके।
AAIB करेगी हादसे की जांच
भारत सरकार ने हादसे की औपचारिक जांच का जिम्मा Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) को सौंपा है। ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ अहमदाबाद रवाना हो चुके हैं। वहीं, बोइंग कंपनी ने भी घटना पर संज्ञान लेते हुए जांच में सहयोग का आश्वासन दिया है।

परिवार से मिलने भारत आए थे, भाई को खो दिया
विश्वास मूल रूप से भारतीय हैं लेकिन पिछले 20 वर्षों से लंदन में रह रहे हैं। वे कुछ दिनों के लिए भारत अपने परिवार से मिलने आए थे। दुर्घटना के समय वह अपने 45 वर्षीय भाई अजय कुमार रमेश के साथ विमान में सवार थे। दुर्भाग्यवश अजय कुमार का इस हादसे में निधन हो गया।विश्वास के मुताबिक, “मैंने सोचा था यह एक सामान्य यात्रा होगी, लेकिन यह मेरी ज़िंदगी की सबसे डरावनी घटना बन गई।”उनकी पत्नी और बच्चे इस समय लंदन में हैं और जैसे ही उन्हें विश्वास के जीवित होने की खबर मिली, उन्होंने राहत की सांस ली।
पुलिस कमिश्नर ने दी पुष्टि: सीट 11A पर मिला एक जीवित यात्री
अहमदाबाद के पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने पुष्टि की कि “पुलिस को सीट 11A पर एक व्यक्ति जीवित मिला। फिलहाल मृतकों की सटीक संख्या बताना कठिन है क्योंकि विमान घनी आबादी वाले इलाके में गिरा था। स्थानीय लोगों की भी जान गई है।”इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर विश्वास कुमार को “मिरेकल मैन” कहा जा रहा है।
परिजनों की तलाश
विश्वास के भाई अजय कुमार रमेश भी विमान में सवार थे, लेकिन हादसे के बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया है। विश्वास ने प्रशासन और राहतकर्मियों से अपील की है कि उनके भाई की तलाश में मदद की जाए।
ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने जताई संवेदना
ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने जताई संवेदना, कहा “हम इस त्रासदी से स्तब्ध हैं। हमारी संवेदनाएं भारत और पीड़ित परिवारों के साथ हैं” ।
