विवादित सहायक संचालक को हटाने की मांगः जेडी को सौंपा ज्ञापन

कोरबा 16 मार्च। शिक्षा विभाग के स्थानीय जिला कार्यालय में काबिज सहायक संचालक के.आर.डहरिया के साथ कई विवाद कायम हैं। इसे लेकर बार-बार यहां-वहां मामले पहुंच रहे हैं। हाल में ही एक बोगस आदेश को कलेक्टर ने खुद संज्ञान लेकर रद्द कर दिया, जो डीईओ के न रहते हुए जारी कर दिया गया था। अब कई प्रकरणों को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी के जिला अध्यक्ष राजकुमार दुबे ने ज्वाइंट डायरेक्टर से भेंट की और सहायक संचालक को हटाने की मांग की।

जेडी को इस बारे में ज्ञापन सौंपा गया। उसमें कई जानकारी दी गई। बताया गया कि सहायक संचालक पद के लिए जो अर्हता अपेक्षित है, उससे अलग हटकर डहरिया को यहां रखा गया है। छिंदपुर में वे व्याख्याता के पद पर पदस्थ थे और उन्हें मूल स्थान पर होना चाहिए। कुछ महीने पहले ही सहायक शिक्षकों की प्रधान पाठक के पद पर पदोन्नति और पदस्थापना के मामले में जमकर मनमानी किये जाने का विवाद कोरबा जिले में छाया रहा। इसके अलावा कई और मामलों में सहायक संचालक की भूमिका पर सवाल उठे। जिला प्रशासन के साथ-साथ अन्य अधिकारियों तक कई स्तर से पूरी जानकारी भेजी गई और कार्रवाई करने की बात कही गई। फिर भी अधिकारियों ने उदासीनता दिखाई। दुबे ने ज्वाइंट डायरेक्टर से कहा है कि प्रकरण बताते हैं कि किस कदर से यहां के शिक्षा विभाग में पिछले वर्षों में जंगलराज चला। इसलिए ऐसे सभी प्रकरणों में जांच करने के साथ डहरिया को यहां से हटाया जाए।

Spread the word

You may have missed