कोरबा 26 फरवरी। 24 वर्षीय सावित्री सारथी की जलने से हुई मौत को लेकर उसका पति सवालों के घेरे में आ गया है। अर्द्ध रात्रि को उसने जली हुई स्थिति में पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया और भाग निकला। मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि षड्यंत्रपूर्वक इस घटना को अंजाम दिया गया है। कुसमुंडा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थानांतर्गत पौना गांव की रहने वाली सावित्री सारथी ने 14 महीने पहले हरिश सारथी से विवाह किया था। बिहार के एक नगर में इस प्रक्रिया को पूरा कराया गया। विवाह के बाद से दंपत्ति कुसमुंडा क्षेत्र में निवासरत थी। इस दौरान परिस्थितियां अनुकूल नहीं रही, इस प्रकार की बातें सामने आई। सावित्री के परिजनों को लगातार इसकी जानकारी मिलती रही। खबर के अनुसार पिछली रात्रि को ऐसा कुछ हुआ जिसके बाद सावित्री के प्राणों पर संकट आ खड़ा हो गया। बुरी तरह से उसके जलने पर रात्रि 12 बजे के आसपास पति ने उसे अस्पताल भिजवाया। इसकी जानकारी भाई को हुई जिस पर उसके परिजन हरकत में आए। 80 प्रतिशत से भी ज्यादा जलने से सावित्री ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हरीश पर कई प्रकार के आरोप लगाए जा रहे हैं। मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा हुआ है इसलिए पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। कार्यपालक मजिस्ट्रेट भी इस दौरान उपस्थित रहे। आसपास के लोगों के अलावा परिजनों के बयान लिये जा रहे हैं। पूरी जांच के साथ पुलिस ने आगे बढने की बात कही है। फिलहाल संदिग्ध मौत पर धारा 174 सीआरपीसी के तहत मर्ग कायम किया गया है। बयान के आधार पर आगे नई धाराएं जोड़ी जाएंगी।

Spread the word

You may have missed