March 8, 2026

कोरबा भाजपा की कार्यकारिणी घोषित, शहर को मिला बड़ा महत्व, फिर भी नाराज़गी

IMG-20250905-WA0004


कोरबा। भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपनी जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इस सूची में कोरबा शहर के मंडलों को विशेष महत्व दिया गया है, जबकि ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों को अपेक्षाकृत कम तवज्जो मिलने से संगठन के भीतर असंतोष की स्थिति बनती दिख रही है।
रामपुर विधानसभा क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य रेणुका राठिया और अजय कंवर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यही वह क्षेत्र है जहाँ से पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर चुनाव हार चुके हैं। वहीं पाली-तानाखार विधानसभा से केवल विवेक मारकंडे और कमला किंडो को स्थान दिया गया है। राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह जातीय समीकरण साधने की कोशिश है, क्योंकि गोंड़ बाहुल्य इस क्षेत्र से किसी भी गोंड़ समाज के प्रतिनिधि को जगह नहीं मिली।
कटघोरा विधानसभा से संजय शर्मा को जिला महामंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। हालांकि, हाल ही में उनके खिलाफ कटघोरा नगर पालिका चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों की लिखित शिकायत भी हुई थी। इसके बावजूद उन्हें प्रमुख पद देकर सुशोभित किया गया है।
जारी की गई 18 पदाधिकारियों की सूची में 10 नाम कोरबा शहर से हैं। कोसाबाड़ी मंडल से पाँच पदाधिकारी चुने गए हैं, लेकिन जिले के अन्य हिस्सों को संतुलित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया। ब्राह्मण समाज के पाँच पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अग्रवाल समाज और गोंड़ समाज को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। विश्लेषकों का मानना है कि यह कार्यकारिणी सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने में विफल रही है।
युवा कार्यकर्ताओं को मिला स्थान : जिलाध्यक्ष मोदी

इस नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि इस कार्यकारिणी का गठन प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व के अनुमोदन पश्चात गठित किया गया है जिसमे चारों विधानसभा, हर वर्ग एवं समुदाय के कार्यकर्ताओं का ख्याल रखा गया है युवा कार्यकर्ताओं को भी इस कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है जो काफी अनुभव भी रखते हैं और निरंतर भारतीय जनता पार्टी का कार्य करते आ रहे हैं जिनके साथ मिलकर कोरबा जिले में भारतीय जनता पार्टी (संगठन ) को मजबूत बनाने एवं सरकार की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुचाने का कार्य करेगे।

FB_IMG_1770226758185
Markandey Mishra

About The Author

Spread the word