करंट की चपेट में आकर झुलसा युवक

कोरबा 16 सितंबर। दर्री क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक युवक बुरी तरह झुलस गया। वह काफी देर तक मौके पर पड़ा रहा। इस दौरान कई लोगों ने दर्शक की भूमिका निभाई। बाद में डायल 112 ने विद्युत प्रवाह बंद कराने के बाद पीडि़त को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की।
पीडि़त की पहचान दर्री पुलिस थाना क्षेत्रांतर्गत राजीव नगर निवासी गोलू के रूप में की गई है। आज सुबह उसके साथ यह घटना हुई।

बताया गया कि बकरियों के लिए चारा का प्रबंध करने के लिए वह इस क्षेत्र में आया हुआ था। सीएसईबी कोरबा वेस्ट के अस्पताल के सामने के हिस्से में एक जगह गड्ढा में पानी भरा हुआ था और बिजली का तार टूटकर गिरा हुआ था। स्थिति समझ में नहीं आने पर युवक यहां पहुंचा और करंट की चपेट में आकर झुलस गया। बताया गया कि करंट लगने से वह काफी देर तक तड़पता रहा। यहां से आना-जाना कर रहे लोगों ने उसे देखा और मोबाइल पर वीडियो बनाने में रूचि ली लेकिन कोई खास कोशिश नहीं की। बाद में पुलिस को जानकारी मिलने पर टीम यहां पहुंची जिसके द्वारा सीएसईबी उपकेंद्र को दूरभाष पर अवगत कराते हुए आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद पीडि़त को मौके से हटाकर तुरंत अस्पताल भेजा गया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

Spread the word

You may have missed