केंदई रेंज में हाथियों का आंतक जारी: ग्रामीण को दंतैल ने किया गंभीर

कोरबा 02 सितम्बर। जिले के कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज में हाथियों का आंतक अब तक जारी है। यहां के कोरबी सर्किल अंतर्गत पोड़ीखुर्द व खड़पड़ी पारा में घूम रहे 30 हाथियों के दल ने जहां बीती रात उत्पात मचाते हुए कई किसानों की फसल को रौंद दियाए वहीं सिरमिना सर्किल के पाली गांव में अचानक धमके दंतैल ने एक ग्रामीण को सूड़ से उठाकर पटक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाथियों के आतंक से क्षेत्र के ग्रामीण काफी भयभीत हैं और रतजगा भी करने को मजबूर हैं।

वन विभाग ने क्षेत्र में घूम रहे हाथियों को खदेडऩे का प्रयास किया है, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिल पा रही है। बीती रात रेंज के कोरबी सर्किल में घूम रहे 30 हाथियों के दल ने पोड़ी खुर्द व खड़पड़ी पारा में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथियों का दल ग्रामीणों के खेतों में पहुंच गया और वहां लगे धान के फसल को रौंदने के साथ तहस नहस कर दिया। यहां के ग्रामीण अपने आंखों के सामने बेबस होकर अपनी मेहनत पर पानी फिरता देखे। आज सुबह वन विभाग को जानकारी देने पर उसका अमला मौके पर पहुंचा और नुकसानी का आंकलन शुरू कर दिया है। केंदई रेंज के सिरमिना रेंज के पाली गांव में एक दंतैल ने ग्रामीण पर हमला कर घायल कर दिया है।

बताया जाता है कि बुधराम सिंह पिता देवसिंह गोड़ 32 वर्ष आज सुबह अपने खेत में फसल को देखने गया था, तभी उसका सामना दंतैल से हो गया। दंतैल से बचने के लिए वह भागने की कोशिश कर रहा था तभी विशालकाय जानवर ने अपने सूड़ से उसे उठाकर पटक दिया। जिससे वह गंभीर हो गया। गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को उसके परिजनों ने सरकारी वाहन बुलाकर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। साथ ही वन विभाग के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जिस पर वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी तत्काल अस्पताल पहुंचे और घायल ग्रामीण का हालचाल जानने के साथ ही उसके परिजनों को उपचार के लिए तात्कालिक सहायता राशि उपलब्ध करायी।

Spread the word

You may have missed