
रायपुर 1 सितंबर। प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने विकराल रूप धारण कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन अनुसार प्रदेश में देर रात कोरोना के 370 नए मरीज मिले हैं जिससे आज एक दिन में मिलने वाले नए संक्रमितों की कुल संख्या 1884 हो गयी है जो एक नया रिकॉर्ड है। कोरबा जिले मेंं भी देर रात 18 लोगो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई जिससे आज कोरबा में नए संक्रमितों की संख्या 43 पहुँच गई है। आज 578 मरीज डिस्चार्ज हुए तो 10 मरीजों की मृत्यु हो गयी है।

कोरबा में भी टूटा रिकार्ड, आज मिले 43 नए संक्रमित
कोरबा जिले में मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव मामले मिलने का रिकार्ड टूटा। अब तक के मामलों में आज सर्वाधिक 43 नए पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें कटघोरा के वार्ड क्र 3 के निवासी इलेक्ट्रानिक व्यवसायी व इसका पुत्र के अलावा जिला अस्पताल से 21 वर्षीय स्टॉफ नर्स एवं उनके पिता भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। करतला के पटवारी का पुत्र भी पॉजिटिव आया है, जबकि पटवारी पिता पहले ही रिपोर्ट पॉजिटिव आने से अस्पताल में भर्ती है। इनके अलावा अंबेडकर चौक भदरापारा, वार्ड 32 बालको से कुल 6, डिंगापुर, पोड़ीबहार, सीएसईबी कालोनी पूर्व, एमपी नगर, सीआईएसएफ दर्री बटालियन के 3 जवान, दीपका कालोनी, एसबीएस कालोनी कोरबा दो परिवार के 4 सदस्य, जयप्रकाश कालोनी में एक परिवार के 3 सदस्य, सीईटीआई गेवरा-दीपका, एनसीएच कालोनी, शक्ती नगर दीपका, दीपका कालोनी, सर्वमंगला नगर, आरपी नगर से 4, ग्राम पताढ़ी लैंको, ग्राम नकिया, ग्राम बसहा, ग्राम सिंघिया से कुल 43 मामले दर्ज हुए हैं। एंटीजन लैब सीएचसी कटघोरा एवं शासकीय मेडिकल कॉलेज रायगढ़ से इन सभी के कोरोना जांच कराए गए थे। ये सभी होम क्वारेंटाइन पर थे, जबकि ग्राम नकिया का 19 वर्षीय युवक क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। इन सभी को सावधानीपूर्वक कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।
