पत्नी पर पहले किया टंगिया से हमला, फिर साड़ी में पत्थर बांध कर डेम में फेंका

कोरबा। पति का अन्य महिला के साथ अवैध संबंध के संदेह से ग्रसित पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद पति ने उसे जान से मारने के लिए पहले टंगिया से वार किया फिर पत्नी की ही साड़ी में पत्थर बांधकर उसे डेम में फेंक दिया। वापस गांव लौटकर लोगों के बीच पत्नी की डेम में डूब जाने की झूठी खबर फैला दी। मामला उजागर होने पर पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम बगबुड़ा लाइन पारा में गीता बाई अपने इतवार सिंह खड़िया के साथ निवासरत थी। गीता को पति का गांव के ही एक महिला के साथ प्रेम संबंध को लेकर शक था। इस बात पर कई महीनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। 14 मार्च को रात करीब 11.30 बजे शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ। 15 मार्च को दोपहर करीब 11 बजे खाना खाने के बाद गीता ने पति को जंगल से लकड़ी लाने के लिए कहा, तो पति ने मना कर दिया। गीता बाई लकड़ी लेने अकेली चली गई। उसके 15 मिनट बाद इतवार हाथ में टंगिया लेकर जंगल की ओर गया। जंगल में ही विवाद होने पर इतवार सिंह ने पत्नी पर टांगी से हमला कर दिया। जब वह नहीं मरी तो साड़ी में पत्थर बांधकर उसे डेम में फेंक दिया और वापस गांव आकर पत्नी की मुहानी डैम में डूब जाने की खबर फैलाई।
इधर किसी को शक मत हो इसलिए उसने ग्रामीण संजय से बाइक की चाबी मांगी ताकि वह थाना जाकर शिकायत दर्ज करा सके, लेकिन संजय ने चाबी देने से मना कर दिया। 16 मार्च को गांव के धन साय, छोटू जयलाल लोहार, ईतवार सिंह के साथ पनिया बहार मुहानी डुबान में गीता को खोजने गए जहां डेम के ऊपर में गीता के दोनों चप्पल मिले। पत्थर के पास गुड़ाखू का डब्बा पड़ा हुआ था। वहीं बुधवार खड़िया ने गीता की लाश को पानी में तैरता देखा। शव मिलने की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। प्रारंभिक जांच में मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने पर कड़ी पूछताछ में इतवार सिंह टूट गया और उसने पत्नी की हत्या करना कबूल किया। आरोपी के विरूद्ध हत्या व साक्ष्य छिपाने के जुर्म में धारा 302, 201 भादवि का जुर्म दर्ज किया गया।

Spread the word

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *