taakr
R.O. No. 13952/23

 कोरबा-   कोरबा के मुड़ापार मुख्य मार्ग पर एक ही रात में दो अलग-अलग हादसे हुए। पहले हादसे में तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरे हादसे में दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। दोनों ट्रेलर सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में खड़े रहे, जिससे सुबह तक जाम लगा रहा।

पहला हादसा रामनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास हुआ। यहां तेज रफ्तार भारी वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।

दो ट्रेलर टकराए, चालकों के बीच हुआ विवाद

 

दूसरा हादसा रात में मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुआ। यहां दो ट्रेलर आपस में टकरा गए। हादसे के बाद दोनों चालकों के बीच विवाद हो गया और मारपीट की स्थिति बन गई। टक्कर से क्षतिग्रस्त दोनों ट्रेलर सड़क पर ही खड़े रहे। इससे रातभर यातायात प्रभावित रहा।

सुबह तक लगा रहा जाम, लोगों को हुई परेशानी

दोनों ट्रेलरों के सड़क पर खड़े रहने से सुबह तक जाम लगा रहा। स्कूल, दफ्तर और काम पर जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। भारी वाहन घरों के सामने घंटों खड़े रहे, जिससे स्थानीय लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया।

पार्षद बोले- कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे आंदोलन

स्थानीय पार्षद गोपाल कुर्रे ने घटनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोकने की मांग पहले भी कई बार की जा चुकी है। इस संबंध में अधिकारियों को पत्र भी लिखे गए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

कुर्रे ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोग आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

नो एंट्री में भी भारी वाहनों के आने का आरोप

पार्षद ने आरोप लगाया कि नो एंट्री के दौरान भी भारी वाहन बेरोकटोक इस मार्ग पर आते हैं और सड़क पर खड़े रहते हैं। इससे स्थानीय लोगों को रोज परेशानी होती है।

उन्होंने मांग की कि अगर इस मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन जारी रहता है, तो यातायात विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था बनी रहे।

Spread the word