नवा रायपुर के सेंध लेक पर आकाशगंगा टीम की छलांग और गरुड़ कमांडोज का ऑपरेशन बना आकर्षण, कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उत्सव में नवा रायपुर का आसमान रविवार को देशभक्ति और रोमांच के रंगों से सराबोर नजर आया। सेंध लेक पर भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने पांच हेलीकॉप्टरों के साथ ऐसा शानदार हवाई प्रदर्शन किया कि वहां मौजूद लोग मंत्रमुग्ध रह गए। आसमान में हेलीकॉप्टरों की सटीक फॉर्मेशन, तिरंगे के रंगों वाली धुएं की लकीरें और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने आयोजन को खास बना दिया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस प्रदर्शन को देखा और वायु सेना के जांबाजों के साहस तथा कौशल की सराहना की।
राज्योत्सव के पहले दिन आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल में भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। तीनों टीमों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भारतीय वायु सेना के प्रशिक्षण, अनुशासन और परिचालन क्षमता की झलक दिखाई।
पैराशूट से उतरे जांबाज, आकाशगंगा टीम ने किया रोमांचित
कार्यक्रम की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के प्रदर्शन से हुई। ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के सहारे नीचे उतरते जवानों ने हवा में संतुलन और सटीक नियंत्रण का परिचय दिया। निर्धारित स्थान पर उनकी लैंडिंग के बाद दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
एमआई-17 से उतरे गरुड़ कमांडोज, दिखाया विशेष ऑपरेशन का कौशल
इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर जवानों ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की प्रस्तुति दी। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय का यह प्रदर्शन भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
पांच हेलीकॉप्टरों की उड़ान ने बढ़ाया रोमांच
सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाते हुए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पायलटों ने बेहद सटीक तालमेल के साथ हेलीकॉप्टरों को उड़ाया। एक-दूसरे के करीब से गुजरते क्रॉसओवर करतब ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
हेलीकॉप्टरों की हर नई फॉर्मेशन के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया। उड़ान के दौरान तिरंगे के रंगों वाली धुएं की लकीरों ने आसमान को आकर्षक बना दिया। अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच प्रस्तुत तिरंगे की फॉर्मेशन ने उपस्थित लोगों को देशभक्ति के भाव से भर दिया।
कॉकपिट से आया छत्तीसगढ़वासियों के लिए खास संदेश
प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। भारतीय वायु सेना के जांबाजों की ओर से प्रदेशवासियों के लिए यह आत्मीय अभिवादन सुनकर दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिला।
CM साय बोले – युवाओं के लिए प्रेरणादायी है वायु वीरों का प्रदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंग टीम सहित भारतीय वायु सेना के सभी जवानों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि वायु वीरों ने साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया है। यह प्रत्येक नागरिक और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के हवाई करतबों के पीछे कठिन प्रशिक्षण, विस्तृत योजना, एकाग्रता और साथियों के बीच अटूट विश्वास होता है। सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण और सामूहिक प्रयास का अनुपम उदाहरण है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के विकास, प्रगति और समृद्धि की कामना की।
2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन
सेंध लेक में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को भारतीय वायु सेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य प्रदर्शन होगा। राज्योत्सव के दौरान होने वाले इस आयोजन में प्रदेशवासियों को एक बार फिर सारंग टीम के रोमांचकारी हवाई करतब देखने का अवसर मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि सारंग टीम अपने पांच हेलीकॉप्टरों के एयरोबेटिक प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखती है। जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में टीम अपनी प्रस्तुतियां दे चुकी है।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, भारतीय वायु सेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
