rajyutsav root
R.O. No. 13952/23
रायपुर, 01 नवंबर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सारंग एयर शो को देखने के लिए पहुंचने वाले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पार्किंग तक पहुंचने के लिए तीन अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं। रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों से आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग मार्ग तय किए गए हैं। जारी रूट मैप में पार्किंग के लिए P-1 से P-10 तक स्थान निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में एयर शो देखने जाने वाले दर्शकों को घर से निकलने से पहले अपना रूट और पार्किंग स्थल जरूर देख लेना चाहिए।

आरंग, महासमुंद और बिलासपुर की ओर से आने वालों के लिए रूट-1

आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदा बाजार और बिलासपुर की ओर से आने वाले दर्शकों को सेरीखेड़ी से नवागांव, उमरिया और नवागांव रेलवे क्रॉसिंग होते हुए क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग तक पहुंचना होगा। यहां से निर्धारित मार्ग के जरिए पार्किंग P-10, P-9, P-8 और P-7 तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।

रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव के लिए रूट-2

रायपुर शहर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहन फुंडहर चौक से जैनम तिराहा, एयरपोर्ट टर्निंग, क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग और सेरीखेड़ी होते हुए सेक्टर-22 टर्निंग तथा कबीर चौक पहुंचेंगे। यहां से दर्शक पार्किंग P-1, P-2, P-3, P-4, P-5 और P-6 में अपने वाहन खड़े कर सकेंगे।

कांकेर, धमतरी और गरियाबंद के लिए रूट-3

कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, राजिम और अभनपुर की ओर से आने वाले दर्शकों के लिए तीसरा मार्ग निर्धारित किया गया है। इस रूट पर वाहन माना से तूता, सेक्टर-22 टर्निंग और उपवारा मार्ग होते हुए कबीर चौक तथा अविनाश उपवन टर्निंग पहुंचेंगे। यहां से पार्किंग P-1 से P-6 तक जाने की व्यवस्था की गई है।

दर्शक पहले ही देख लें अपना पार्किंग स्थल

प्रशासन की ओर से जारी रूट प्लान का उद्देश्य एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और दर्शकों को पार्किंग तक आसानी से पहुंचाना है। अलग-अलग जिलों से आने वाले लोगों को अपनी दिशा के अनुसार निर्धारित रास्ते का पालन करना होगा। इससे आयोजन स्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ और यातायात दबाव से बचने में मदद मिलेगी।

Spread the word