बनासकांठा के भीलड़ी से जारी होगी 24वीं किस्त
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर हैं। बनासकांठा जिले के भीलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वे पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री एम्ब्रियो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी-इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (ET-IVF) लैब और भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) के कैटल फार्म का भी दौरा करेंगे।
किसानों को सालाना मिलते हैं 6 हजार रुपये
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक योजना की 23 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। आज 24वीं किस्त के माध्यम से 9.34 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है।
घर बैठे ऐसे चेक करें 24वीं किस्त का स्टेटस
किसान अपनी किस्त और भुगतान की स्थिति पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
- सबसे पहले pmkisan.gov.in वेबसाइट खोलें।
- होम पेज पर Farmers Corner में जाएं।
- Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें।
- अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें।
- स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड भरें।
- Get OTP पर क्लिक करके मोबाइल पर आया ओटीपी दर्ज करें।
- इसके बाद स्क्रीन पर किस्त और भुगतान से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी।
यदि रजिस्ट्रेशन नंबर याद नहीं है, तो वेबसाइट पर Know Your Registration Number विकल्प की मदद से इसे प्राप्त कर सकते हैं।
e-KYC पूरी नहीं है तो अटक सकती है किस्त
पीएम किसान योजना के लिए पंजीकृत किसानों का e-KYC पूरा होना अनिवार्य है। किसान आधिकारिक पोर्टल पर अपना स्टेटस जांचें और आधार, बैंक खाते तथा भूमि रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी सही रखें। किसी तरह की पात्रता संबंधी गड़बड़ी या अधूरे सत्यापन की स्थिति में भुगतान रुक सकता है।
