irani
R.O. No. 13952/23
R.O. No. 13952/23

छत्तीसगढ़ में भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दो दिवसीय रायपुर प्रवास के दौरान पार्टी संगठन की व्यवस्थाओं और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। रविवार को रायपुर पहुंचने के बाद वह सीधे भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू सहित कई नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। कार्यक्रम के दौरान नेता और कार्यकर्ता जमीन पर बैठकर इसमें शामिल हुए।

 

भाजपा कार्यालय में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद स्मृति ईरानी ने संगठनात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उनमें सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बिना किसी जरूरी काम या बुलावे के पार्टी कार्यालय आने से बचने की हिदायत दी। उनके इस निर्देश को संगठन के कामकाज में अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

 

संगठन को मजबूत करने पर चर्चा

रायपुर प्रवास के दौरान स्मृति ईरानी ने संभाग प्रभारियों, सह प्रभारियों, जिला प्रभारियों, जिला सह प्रभारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी अभियानों और बूथ स्तर पर तैयारियों को लेकर चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों से जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने और स्थानीय मुद्दों पर संगठन की भूमिका मजबूत करने से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

आगामी राजनीतिक रणनीति पर मंथन

छत्तीसगढ़ में भाजपा संगठन को मजबूत करने और आने वाले राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारी के लिहाज से स्मृति ईरानी का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठकों के माध्यम से प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है। पार्टी की आगामी रणनीति तय करने के लिए पदाधिकारियों के साथ चर्चा का सिलसिला जारी है। स्मृति ईरानी का दो दिवसीय रायपुर प्रवास 26 अक्टूबर तक निर्धारित है।

Spread the word