छात्रवृत्ति योजना– आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के आठवीं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय साधन सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति योजना (NMMS) की परीक्षा के आवेदन की तारीखों में बदलाव किया गया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने सत्र 2026-27 के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। इसके अनुसार विद्यार्थी 28 अक्टूबर तक अपना भरा हुआ आवेदन पत्र जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित स्कूल में जमा कर सकेंगे। परीक्षा 12 दिसंबर को होगी।
स्कूल और परीक्षा केंद्रों के लिए भी तय की गई तारीख
मंडल के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, विद्यार्थी को आवेदन पत्र, प्रवेश पत्र और जरूरी दस्तावेज अपने स्कूल में जमा करने होंगे। आवेदन पत्र पर स्कूल के प्राचार्य या प्रधान पाठक का सत्यापन जरूरी है। इसके बाद स्कूल प्रमुख को प्राप्त आवेदन पत्र, प्रवेश पत्र, दस्तावेज और विद्यार्थियों की सूची 31 अक्टूबर तक जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्र में जमा करनी होगी।
परीक्षा केंद्राध्यक्ष को स्कूलों से मिले आवेदनों और दस्तावेजों के आधार पर 12 नवंबर तक मंडल के पोर्टल पर ऑनलाइन एंट्री पूरी करनी होगी। आवेदन में नाम की स्पेलिंग और दूसरी जानकारियों की जांच की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
अपूर्ण आवेदन किए जाएंगे निरस्त
मंडल ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल प्रमुख आवेदन पत्रों की पूरी जांच करें। अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। गलत जानकारी या नाम की स्पेलिंग में गलती होने पर संबंधित स्कूल प्रमुख और ऑनलाइन एंट्री के दौरान गलती होने पर परीक्षा केंद्राध्यक्ष जिम्मेदार होंगे। विद्यार्थियों को आवेदन सीधे छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर नहीं भेजना है।
12 दिसंबर को दो पेपर में होगी परीक्षा
NMMS परीक्षा 12 दिसंबर 2026, शनिवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पेपर में होगी। पहला पेपर सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरा पेपर दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक होगा।
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना है।
