रायपुर। छत्तीसगढ़ के भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विकास कार्यों की कई घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लगभग 28.97 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री आरंग विकासखंड स्थित भंडारपुरी धाम पहुंचे और गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी का संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है।
28.96 करोड़ रुपये के सड़क कार्यों की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत के तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, नरदहा में दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण और 29 किलोमीटर लंबे छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग का डामर नवीनीकरण शामिल है।
इन कार्यों के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने और गांवों के बीच सड़क संपर्क मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
स्कूल भवनों और नगर पंचायत कार्यालय के लिए राशि
मुख्यमंत्री ने चार अन्य विकास कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, आरंग के ओड़का में नवीन प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
इसके अलावा 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे। इन घोषणाओं से क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं और स्थानीय अधोसंरचना के विस्तार की दिशा में पहल होगी।
दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग के लिए बढ़ीं सीटें
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सतनामी समाज सहित सभी वर्गों के सम्मान, सशक्तीकरण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। उन्होंने भंडारपुरी धाम की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण तथा विकास पर भी जोर दिया।
तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज के विकास से जुड़ी मांगों पर पहल की जा रही है। धर्मगुरु बालदास साहेब ने बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को अपनाने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
