IMG-20260915-WA0131
R.O. No. 13952/23
R.O. No. 13952/23

रायपुर, 15 सितंबर 2026 : नवा रायपुर में देश-विदेश के दिग्गज गोल्फरों की मौजूदगी ने छत्तीसगढ़ के खेल और पर्यटन को एक साथ नई दिशा दी है। ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के मंच से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रोफेशनल गोल्फ का यह आयोजन आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बन सकता है। सरकार की कोशिश है कि नवा रायपुर को देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाए।

फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। प्रतियोगिता में 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

CM साय ने गोल्फ खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद गोल्फ में हाथ आजमाया और शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मैदान पर मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देख मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खास उत्साह नजर आया। उन्होंने देश-विदेश से पहुंचे सभी खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़े और प्रतिष्ठित खेल आयोजनों की मेजबानी बढ़ना छत्तीसगढ़ में तैयार हो रहे बेहतर Sports Ecosystem का संकेत है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को मंच देने के साथ प्रदेश की पहचान को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करते हैं।

गोल्फ के साथ खेल पर्यटन को भी मिलेगा फायदा

नवा रायपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी से प्रदेश में Golf Tourism को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गोल्फ की सुविधाओं और बड़े आयोजनों के लिए हरसंभव सहयोग देगी।

अब गोल्फ सिर्फ बड़े शहरों की पहचान नहीं

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय गोल्फ को सीमित वर्ग से जुड़ा खेल माना जाता था। लोग इसे फिल्मों या बड़े शहरों के क्लबों में ही देखते थे। लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं और छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ का इतना बड़ा आयोजन होना इसी बदलाव का उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि राज्य में गोल्फ की संभावनाएं मौजूद हैं और आने वाले समय में इस खेल को और प्रोत्साहन दिया जाएगा। सरकार का प्रयास रहेगा कि छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं लगातार आयोजित हों।

खेल प्रतिभाओं के लिए बढ़ रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के जरिए प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में खेलों को व्यापक स्तर पर बढ़ावा दिया जा रहा है। नेशनल ट्राइबल गेम्स में लगभग 2500 खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों ने ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी खेल का मंच दिया है।

बदलते बस्तर की कहानी भी सुनाई CM साय ने

मुख्यमंत्री ने बस्तर में खेल गतिविधियों के विस्तार को शांति और विकास से जोड़ते हुए कहा कि आज वहां के युवा खेल मैदानों में अपनी प्रतिभा और सपनों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। बस्तर ओलंपिक में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बदलाव को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स के साथ अब गोल्फ जैसे खेलों को भी प्रदेश में नई गति मिल रही है।

गोल्फरों को दिया बस्तर और सरगुजा घूमने का न्योता

मुख्यमंत्री ने टूर्नामेंट में पहुंचे खिलाड़ियों से कहा कि वे गोल्फ खेलने के साथ छत्तीसगढ़ को भी जानें। उन्होंने बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता देखने का न्योता दिया। चित्रकोट जलप्रपात, जंगल, पहाड़ और जनजातीय संस्कृति के साथ सरगुजा के प्राकृतिक और सांस्कृतिक आकर्षणों को उन्होंने खिलाड़ियों के सामने रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी जब छत्तीसगढ़ से लौटें तो उनके साथ टूर्नामेंट की यादों के अलावा प्रदेश के लोगों के आत्मीय व्यवहार और यहां की प्राकृतिक खूबसूरती की स्मृतियां भी जाएं।

कपिल देव की इच्छा-हर साल हो छत्तीसगढ़ में बड़ा टूर्नामेंट

पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव ने आयोजन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई प्रतिभाओं को प्रेरित करने और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कपिल देव ने इच्छा जताई कि छत्तीसगढ़ में यह प्रतिष्ठित गोल्फ प्रतियोगिता हर वर्ष आयोजित हो और इसकी तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।

उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्रों के रूप में पहचाने जाते हैं, उसी तरह आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ भी एक प्रमुख Golf Destination बन सकता है।

पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चहल ने भी छत्तीसगढ़ के वातावरण, गोल्फ कोर्स और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की सराहना की।

नवा रायपुर ओपन 2026 अब सिर्फ एक गोल्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को Sports और Golf Tourism के नए नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में बढ़ता कदम दिखाई दे रहा है।

Spread the word