छत्तीसगढ़ में खनिज निवेश को मिलेगा नया बूस्ट, नवा रायपुर में कल जुटेंगे केंद्र-राज्य के दिग्गज

रायपुर, 30 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने और महत्वपूर्ण खनिजों की नीलामी प्रक्रिया को गति देने के लिए नवा रायपुर में 31 अगस्त को बड़ा रोड शो आयोजित किया जाएगा। मेफेयर लेक रिजॉर्ट में होने वाले इस आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी मौजूद रहेंगे। केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी रोड शो में शामिल होंगे।

20 क्रिटिकल मिनरल ब्लॉक्स पर निवेशकों की नजर

भारत सरकार के खान मंत्रालय ने क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल्स की नीलामी की 8वीं किश्त में 20 ब्लॉक्स नीलामी के लिए प्रस्तावित किए हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स शामिल हैं।

इन ब्लॉक्स में ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, रेयर मेटल्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे खनिज शामिल हैं। ऊर्जा सुरक्षा से लेकर आधुनिक तकनीक और औद्योगिक विकास तक इन खनिजों की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है।

दो डिजिटल पोर्टल होंगे लॉन्च

रोड शो में छत्तीसगढ़ के खनिज क्षेत्र को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में टिन पोर्टल तथा ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण समझौतों का आदान-प्रदान भी होगा।

सीएमडीसी और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच एमओयू किया जाएगा। वहीं कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग के प्रशिक्षण के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ भी समझौता प्रस्तावित है। कार्यक्रम में माइनर मिनरल्स पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन होगा और तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।

नीलामी प्रक्रिया और निवेश पर तकनीकी सत्र

दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र में खनिज ब्लॉक्स की नीलामी प्रक्रिया, निवेश और अन्वेषण से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। संबंधित संस्थाओं की ओर से नीलामी के लिए प्रस्तावित ब्लॉक्स, टेंडर डॉक्यूमेंट, ई-ऑक्शन प्रक्रिया और अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति से जुड़ी योजना पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

तकनीकी सत्र के बाद ओपन हाउस डिस्कशन में उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और विशेषज्ञों को अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। इसमें खनिज संसाधनों की संभावनाओं और निवेश के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

पहले से नीलाम ब्लॉक्स की भी होगी समीक्षा

रोड शो के बाद नीलाम किए जा चुके प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन की समीक्षा की जाएगी। खनन परियोजनाओं को तेजी से शुरू करने और विभिन्न स्तरों पर जरूरी समन्वय को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा होगी। इसके बाद माइन विजिट प्रस्तावित है।

क्रिटिकल और स्ट्रेटेजिक मिनरल्स पर केंद्रित यह आयोजन छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र के विस्तार, निवेश आकर्षित करने और नई खनन परियोजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Spread the word