CM साय का किसान वाला अंदाज ! गृहग्राम में खेत पहुंचे, बैलों की जोड़ी के साथ खुद चलाया हल

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सोमवार सुबह अपने गृहग्राम बगिया पहुंचे तो उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने खेत में पहुंचकर बैलों की जोड़ी के साथ हल चलाया और पारंपरिक तरीके से बियासी की। मुख्यमंत्री को खेत में हल चलाते देखकर उनकी खेती-किसानी से जुड़ी पुरानी यादें भी ताजा हो गईं।

हरे-भरे खेत, मिट्टी की सौंधी खुशबू और बैलों की जोड़ी के बीच मुख्यमंत्री काफी सहज नजर आए। उन्होंने खेती से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अपने गांव और खेत से जुड़ने का अनुभव उन्हें हमेशा आत्मीय सुख देता है।

किसान परिवार में बीता बचपन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और बचपन से ही खेती-किसानी को करीब से देखा है। उनके लिए खेती सिर्फ रोजी-रोटी का साधन नहीं बल्कि जीवन से जुड़ा संस्कार है। खेतों ने उन्हें मेहनत की अहमियत, प्रकृति का सम्मान और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की सीख दी है।

उन्होंने कहा कि हल की मूठ थामते ही खेती-किसानी से जुड़ी पुरानी स्मृतियां एक बार फिर सामने आ जाती हैं। खेत में बिताया समय मन को सुकून देने के साथ नई ऊर्जा भी देता है।

कृषि से जुड़ी है छत्तीसगढ़ की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की माटी, कृषि परंपरा और मेहनतकश किसानों से जुड़ी है। प्रदेश के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में खेती का विशेष महत्व है। यहां के तीज-त्योहार और ग्रामीण परंपराएं भी कृषि से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि किसान खेत में केवल फसल नहीं उगाता, बल्कि अपने परिश्रम से पूरे समाज और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है। खेती हमें मेहनत, धैर्य और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने की सीख देती है।

अपनी माटी से जुड़ाव को बताया जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता के दौर में भी अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। गांव और खेतों से जुड़ाव व्यक्ति को अपनी संस्कृति और जीवन मूल्यों से जोड़े रखता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की माटी, कृषि परंपरा और अन्नदाता किसान हमेशा उनके दिल के करीब रहे हैं। किसानों की खुशहाली और कृषि की समृद्धि को उन्होंने प्रदेश की प्रगति का मजबूत आधार बताया।

किसानों के लिए मांगी खुशहाली और अच्छी फसल

खेत में पारंपरिक तरीके से बियासी करने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों के परिश्रम को नमन किया। उन्होंने किसानों के जीवन में खुशहाली और खेतों में भरपूर फसल की कामना की।

बगिया से मुख्यमंत्री का पुराना रिश्ता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जीवन ग्रामीण परिवेश और खेती-किसानी से जुड़ा रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी गांव और खेतों से उनका जुड़ाव बना हुआ है। बगिया में खेत के बीच बैलों के साथ हल चलाते हुए उनका यह सहज रूप उनकी किसान पृष्ठभूमि और अपनी माटी के प्रति लगाव को दिखाता है।

 

Spread the word