रायपुर। स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री ने ठाकरे के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया।
राष्ट्रसेवा को बनाया जीवन का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। सादगी, अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव उनके व्यक्तित्व की पहचान थी। सार्वजनिक जीवन में उन्होंने अपने आचरण और कार्यशैली से उच्च आदर्श स्थापित किए।
संगठन निर्माण में निभाई अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे ने संगठन को मजबूत बनाने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी कार्यशैली में संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता की भावना प्रमुख रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यही कारण है कि आज भी उनका जीवन और विचार सार्वजनिक जीवन में सक्रिय लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं।
‘आदर्शों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि’
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती उनके जीवन मूल्यों को याद करने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से काम करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विकसित भारत के निर्माण में योगदान का आह्वान
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों से उनके सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए विकसित और समृद्ध भारत के निर्माण में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।

