जिले में रामनवमीं पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

भव्य शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा
जलाराम मंदिर में धूमधाम से मना रामनवमी उत्सव

कोरबा 18 अपै्रल। रामनवमीं पर्व जिले भर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर में विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में निकाली भव्य शोभायात्रा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। राम कथा से जुड़ी विविध झांकियों के साथ निकली शोभायात्रा सीएसईबी गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर टीपी नगर, पावर हाऊस रोड, पुराना बस स्टैंड होते हुए सीतामणी सप्तदेव मंदिर में पूर्ण हुआ। शोभायात्रा में रामदरबार की झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा।

रामजी की निकली सवारी, राम जी की लीला है न्यारी गीत के साथ शहर में निकाली गई राम दरबार की झांकी को देखने के लिए शहरवासी उमड़ पड़े। शोभा-यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। धूमधाम से निकाली गई शोभायात्रा में धार्मिक संगठन से जुड़े लोगों के अलावा राजनैतिक दलों से जुड़े लोग शामिल रहे। सप्तदेव मंदिर में आयोजित राम जन्म के अवसर पर दोपहर 12 बजे आतिशबाजी कर राम जन्म के प्रतीक भगवान राम के बाल रूप की पूजा अर्चना की गई। भए प्रकट कृपाला गीत के साथ मंदिरों में स्तुतिगान की गई। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। भवानी मंदिर में भी रामनवमीं पर्व का उत्साह से आयोजन किया गया। बालको राम मंदिर में भी उत्सव का उल्लास रहा। इस दौरान मंदिर परिसर को इलेक्ट्रिक डेकोरेशन व फूलों से सजाया गया था। जिले के अन्य मंदिरों में भी विविध आयोजन किए गए। महाराणा चौक स्थित राम जानकी मंदिर में विशेष पूजा आराधना की गई। रामनवमी का पर्व कोरबा शहरी क्षेत्र के अलावा उपनगरीय क्षेत्र कटघोरा, पाली, छुरी, कुसमुंडा, हरदीबाजार, जमनीपाली, करतला, पोंड़ी उपरोड़ा समेत विभिन्न क्षेत्रों में मनाई गई।

शोभा यात्रा के दौरान भगवा ध्वज लहराते हुए युवाओं की टोली में उत्साह देखा गया। भगवान राम के जन्म उत्सव पर निकाली गई झांकी में रामजी के लीलाओं का अलग-अलग दृष्टांत प्रस्तुत किया गया था। झांकी में मुख्य आकर्षण का केंद्र राम दरबार था। इसके अलावा वनवासी राम सीता लक्ष्मण, नौ दुर्गा स्वरूप, राम दरबार की शोभा, बालक रूप राम आदि शामिल थे।
गुजराती समाज व जलाराम सेवा समिति की तत्वावधान में संत श्री जलाराम मंदिर में रामनवमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में सुबह श्री राम धुन और भजन में समाज के लोग शामिल हुए। दोपहर 12 बजे भगवान श्री राम का जन्मोत्सव मनाया गया। इसके बाद भगवान राम की आरती की गई। आरती के पश्चात मंदिर परिसर स्थित समाज के भवन में प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

Spread the word

You may have missed